पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल ने सपा की सदस्यता ग्रहण की, एत्मादपुर सीट पर होगा कड़ा मुकाबला।



हिन्दुस्तान वार्ता।के,के,कुशवाहा

आगरा । पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल सिंह ने हाथ का साथ , छोड़कर सपा में घर वापसी कर साईकल की सवारी शुरू कर दी है। तीन बार के विधायक डॉ धर्मपाल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ लखनऊ सपा कार्यालय में सपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ बसपा के कुंवर चंद वकील  भी अपने समर्थकों के साथ पहुँचे थे। पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों को सपा पार्टी कार्यालय में सदस्यता दिलाई। डॉ धर्मपाल सिंह अब सपा से चुनाव लडेंगे। संभावना है कि एत्मादपुर सीट से सपा डॉ धर्मपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित कर सकती है।

- तीन बार रह चुके हैं विधायक।

डॉ धर्मपाल सिंह पूर्व सांसद राजब्बर के करीबी माने जाते थे। पहली बार वे राजब्बर की पार्टी जनमोर्चा से दयालबाग से चुनाव लड़े थे और विधानसभा पहुँचे थे। इसके बाद एत्मादपुर सीट से बसपा से चुनाव जीते। पिछले चुनाव में भाजपा की लहर में वे चुनाव हार गए थे और लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब उन्होंने सपा ज्वाइन कर ली है।

-आरबीएस​ डिग्री कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर।

डॉ धर्मपाल सिंह, आरबीएस​ डिग्री कॉलेज में गणित विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं और आज भी कक्षाएं लेते हैं। राजनीति के साथ ही अध्यापन कार्य में भी उनकी अलग पहचान है।

- बसपा के कुंवर चंद वकील भी सपा में शामिल।

इसके साथ ही बसपा नेता और बसपा से आगरा सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव लड चुके कुंवर चंद वकील भी सपा में शामिल हो गए हैं। वे दो बार लोकसभा लड़े लेकिन सफलता नही मिली। इस बार सपा उन पर भी सुरक्षित सीट से दांव लगा सकती है।

- लोकसभा चुनाव में थामा था पंजा।

हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में पूर्व सांसद राज बब्बर फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में लोकसभा चुनाव लड़े थे। उस दौरान सांसद राज बब्बर ने पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल के साथ-साथ बसपा के दो और विधायकों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई थी। कांग्रेस में शामिल होने के बावजूद कभी वह पार्टी में सक्रिय नजर नहीं आए और अपने आप को जनसेवक जताते हुए बिना किसी दल के ही अपनी विधानसभा क्षेत्र में किसानों और ग्रामीणों की आवाज उठाते हुए नजर आए।

- कई और पूर्व विधायक सपा में हो सकते हैं शामिल।

सूत्रों के मुताबिक 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कई और विधायक सपा ज्वाइन कर सकते हैं। खेरागढ, फतेहपुर सीकरी सीट के पूर्व विधायक सपा के संपर्क में हैं। इन्होंने भी डॉ. धर्मपाल के साथ कांग्रेस जॉइन की थी ,लेकिन पार्टी में सक्रिय नहीं रहे। अकेले ही क्षेत्र में दौरा कर अपनी चुनावी जमीन मजबूत की। अब इन पूर्व विधायकों के भी सपा से जुड़ने की संभावनाये जताई जा रही है।