नर से नारायण बनने की कथा: संकलन "गौसेवक" खोजी बाबा।



   इस घोर कलयुग में जहां चहुंओर - एक ओर आर्थिक और भौतिक उन्नति चरम सीमा पर है, वहीं दूसरी ओर आध्यात्मिक और नैतिक पतन भी चरम सीमा पर है। आज मनुष्य के पास बहुत सारे साधन है सुख के। किंतु सुख नहीं है, चैन नहीं है, शांति नहीं है, जीवन में प्रेम नहीं है। चारों ओर भ्रष्टाचार, अनाचार, दुराचार, व्यभिचार आदि विकारों का बोलबाला है। जो कि दुख, पीड़ा, बीमारी, गरीबी और संबंधों में कड़वाहट के रूप में देखने में आता है। ऐसे समय पर, जबकि यह दुनिया कांटो का जंगल बन चुकी है, नर्क बन चुकी है, परमपिता परमात्मा इस धरा पर आए हैं, इस नर्क बन चुकी दुनिया को पुनः स्वर्ग बनाने,  पतित बन चुकी आत्माओं को पावन बनाने।

परमात्मा आकर सच्ची गीता का ज्ञान सुनाते हैं। पहला पाठ, हम विनाशी देह नहीं, अजर, अमर, अविनाशी आत्मा हैं। यह देह आत्मा का आवरण, कर्म करने के लिए इंस्ट्रूमेंट है। अपने अपने कर्मों के द्वारा दुखों को प्राप्त आत्माओं को अपना सत्य परिचय देते हैं। सुनाते हैं, बच्चे! तुम सतयुग में सर्वगुण संपन्न, संपूर्ण निर्विकारी देवता थे। पुनर्जन्म लेते लेते, भौतिकता के आकर्षण में गिरते हुए तुमने 84 का चक्र पूरा किया। इस यात्रा के दौरान तुम पतित होते गए और कलयुग अंत तक आते आते तुम संपूर्ण विकारी, पतित हो गए।

अब मैं आया हूं, तुम्हें ज्ञान गंगा में स्नान कराकर, पुनः पावन बनाने। स्वयं को पहचानो, सतयुग में तुम क्या थे, अब क्या बन गए हो? बच्चों! तुम सृष्टि रंगमंच पर अपना पार्ट खेलने के लिए उतरे थे, खेलते खेलते तुम कितने मैले हो गए? मैं आया हूं, तुम पर से विकारों की मैल उतारने। तुम मेरी श्रीमत पर चलो, फिर से दिव्य गुण धारण करो और अपना खोया हुआ देव पद पुनः प्राप्त करो। कल्प का चक्र पूरा हुआ अब इसकी पुनरावृत्ति होने को है। यह कांटो का जंगल बन चुकी दुनिया फिर से फूलों का बगीचा बनेगी। तुम दिव्य गुणों के खुशबूदार फूल बनकर इस बगीचे की शोभा बढ़ाओ, स्व परिवर्तन कर पुनः मनुष्य से देव बनो। नर से नारायण नारी से लक्ष्मी बनो। 


यह है नर से नारायण बनने की सत्यकथा, जिसकी यादगार आज तक भक्ति में सत्यनारायण की कथा के रूप में भक्तगण गाते हैं।


*🙏🏻🌹सत्यनारायण भगवन श्री हरि विष्णु जी की जय🌹🙏🏻*


             *- "गौसेवक" पं. मदन मोहन रावत*

                                   *"खोजी बाबा"*

                                   *9897315266*


*🙏🏻🚩🌹जय जय सनातन🌹🚩🙏🏻*