वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने प्रबुद्ध जन संवाद में भाजपा सरकार पर किया करारा प्रहार।




-जनता के लिए समर्पित रहे हैं विनोद बंसल, ऐसे कर्मठ और बेदाग व्यक्तित्व की जगह विधानसभा है: प्रमोद तिवारी*

-छोटे-दबे-कुचले लोगों की लड़ाई है धन्ना सेठों से, जीतने को होना होगा एकजुट: विनोद बंसल।

हिन्दुस्तान वार्ता।

आगरा। उत्तर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी, प्रमुख समाज सेवी और व्यापारी नेता विनोद बंसल के समर्थन में गुरुवार को आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 11 स्थित पार्क में प्रबुद्ध जन संवाद आयोजित किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक प्रमोद तिवारी ने प्रबुद्ध लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर करारे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत बनाया तो भाजपा ने पूंजीपति निर्भर भारत बना दिया। अगर हिंदुस्तान को बिकने से बचाना है तो पंजे पर बटन दबाना होगा।

   उन्होंने कहा कि 42 साल के राजनीतिक जीवन में ऐसी निकम्मी, जन विरोधी और गरीब विरोधी सरकार कभी नहीं देखी। योगी-मोदी की सरकार बहकी बहकी बात करने वाली और झूठ बोलने वाली सरकारें हैं। आज क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी घुस नहीं पा रहे। जनता के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहे। जनता पूछ रही है जब दुनिया में पेट्रोल सस्ता हो रहा है तो यहां महंगा क्यों? बिजली महंगी क्यों? इसलिए प्रियंका गांधी ने ठाना है। बिजली बिल आधा माफ होगा ताकि जनता को राहत मिले।

   उन्होंने विनोद बंसल को भारी बहुमत से जिताने की अपील करते हुए कहा कि विनोद बंसल का व्यक्तित्व बेदाग है। वे जनता के लिए समर्पित रहे हैं। ऐसे व्यक्ति की जगह विधानसभा है। इसीलिए वह केवल आगरा उत्तरी के नहीं, प्रियंका के बहुत प्रिय प्रत्याशी हैं। 

   विनोद बंसल ने इस मौके पर कहा कि इस बार छोटे, दबे, कुचले लोगों की धन्ना सेठों से लड़ाई है। इसलिए हमें जीतने को एकजुट होना होगा। 

    सभा का संचालन शहर अध्यक्ष देवेंद्र चुल्लू ने किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के हाजी जमील कुरैशी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राघवेंद्र मीनू, व्यापार प्रकोष्ठ के राघवेंद्र उपाध्याय, कांग्रेस पर्यवेक्षक जितेंद्र चंदेलिया, डॉक्टर मधुरिमा शर्मा, एसके समाधिया, लोकेश पाठक, दिनेश बाबू शर्मा और अजहर वारसी भी प्रमुख रूप से मंच पर मौजूद रहे।