ताज नगरी में डबल मर्डर से फैली सनसनी।

 


हिन्दुस्तान वार्ता।

ताज नगरी आगरा में शुक्रवार को सनसनीखेज घटना के तहत विवाहिता और उसके प्रेमी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के सुशील नगर स्थित ब्रह्मपुरी कालोनी में विवाहिता से मिलने आए प्रेमी को ससुराल वालों ने पकड़ लिया। दोनों को गली में दौडा़कर डंडों से पीटा, जमीन पर गिरने के बाद बांक से उनके गले काट दिए। जिसके बाद आरोपिताें ने खुद थाने पहुंचकर दोनों की हत्या की जानकारी दी तो पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस को विवाहिता का शव घर के दरवाजे और प्रेमी की लाश गली में पड़ी मिली। दोहरे हत्याकांड की जानकारी होते ही एडीजी राजीव कृष्ण, एसएसपी सुधीर कुमार और एसपी सिटी विकास कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। 

पुलिस के मुताबिक अछनेरा के मोहल्ला नया बांस निवासी 22 वर्षीय शिवम सिसयौदिया पुत्र हरवीर सिंह सिसौदिया वर्तमान में सुशील नगर के ब्रह्मपुरी कालोनी में रहता था। इसी कालोनी में पीछे की ओर शिवम के दूर का रिश्तेदार गौरव रहता है। गौरव की शादी सैंया के खेड़िया निवासी पूजा से सात वर्ष पहले हुई थी। आपस में दूर की रिश्तेदारी होने के चलते शिवम सिसौदिया का गौरव के घर पर आना-जाना था। इसी दौरान शिवम और पूजा की मुलाकात हुई। उनके बीच घनिष्ठता हो गई। गौरव उसके परिवार के लोगों को उनके संबंधों की जानकारी हो गई। उन्होंने शिवम और पूजा के संबंधों का विरोध किया। इसके बावजूद शिवम और पूजा ने मिलना-जुलना बंद नहीं किया।

पुलिस के मुताबिक शिवम शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे पूजा से मिलने उसके घर पर आया था। गौरव और परिवार के लोगों ने दोनों को साथ देख लिया। उन्होंने पूजा और शिवम को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। पूजा और शिवम ने जान बचाकर भागने का प्रयास किया। तो परिवार के लोगों ने पूजा को दरवाजे की चौखट के पास गिरा लिया, और शिवम को गली में घेरकर गिराने के बाद डंडों से पीटा।

दोनों को मरणासन्न करने के बाद परिवार के लोगाें ने बांक से उनका गला काट दिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई।दोनों की हत्या करने के बाद परिवार के लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को विवाहिता और उसके प्रेमी की हत्या की जानकारी दी तो पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। दोहरे हत्याकांड की जानकारी होने पर एडीजी राजीव कृष्ण, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी विकास कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हत्याकांड में पूजा के पति, ससुर और देवर को हिरासत में ले लिया है।

 रिपोर्ट-विजय सोलंकी।