हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल्स एसोसिएशन (एक्मा) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एसोसिएशन कार्यालय में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी कन्हैया लाल गर्ग एवं राजकुमार जैन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में संजय अग्रवाल ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ ताराचंद गोयल एवं राजीव अग्रवाल ने उपाध्यक्ष, बृज किशोर अग्रवाल ‘डब्बू’ ने महामंत्री, राजीव गुप्ता ने कोषाध्यक्ष तथा मोहन कुमार अग्रवाल एवं गौरव जिंदल ने मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं महामंत्री बृज किशोर अग्रवाल ‘डब्बू’ ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कपड़ा व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने,उनके हितों की रक्षा करने तथा बाजार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। साथ ही व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी व्यापारियों को साथ लेकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
समारोह में ओम टंडन, सुनील विकल, टी.एन. अग्रवाल, अनिल जिंदल, रघुवीर सरन एवं किशन कुमार अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने चुनाव अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित व्यापारी बंधुओं ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



