सेवा कार्यो को समर्पित पत्रिका'सेवा प्रसून' के स्वास्थ्य विशेषांक का विमोचन।





-संघ के अखिल भारतीय सेवा प्रमुख पराग अभ्यंकर ने किया विमोचन।

हिन्दुस्तान वार्ता।

आगरा। समाज में सेवा और परोपकार की भावना विकसित करने व सेवा कार्यो के लिए समर्पित हिन्दी मासिक पत्रिका ‘सेवा प्रसून’ के स्वास्थ्य सेवा विशेषांक का रविवार को विमोचन किया गया। 

सेवा भारती के मार्गदर्शन से निकलने वाली पत्रिका सेवा प्रसून के इस विशेषांक का वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सेवा प्रमुख पराग अभ्यंकर जी, क्षेत्र सेवा प्रमुख धनीराम जी व सेवा भारती के प्रांत अध्यक्ष उमेश गर्ग ने किया। 

कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धों को संबोधित करते हुए पराग अभ्यंकर जी ने कहा कि सेवा भारती देश में पिछडे़ एवं अभावग्रस्त लोगों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक एवं स्वावलंबन के विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से सेवा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती द्वारा विभिन्न संस्थाओं को समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से सुदृढ़, समरस समाज का निर्माण करना हमारा लक्ष्य है। 

उन्होंने कहा कि आज देशभर में लाखों सेवा कार्य सेवा भारती के माध्यम से किए जा रहे हैं। सेवा से सामाजिक समरसता समाज में लाना ही सेवा भारती का ध्येय है। सभी वर्गों में स्वदेश प्रेम, स्वलंबन व राष्ट्र भक्ति की भावना जागृत करना सेवाभारती का कार्य है। सेवा भारती समाज के सेवा कार्यों में बाल शिक्षा संस्कार केन्द्र महिला सिलाई संस्कार केन्द्र, कंप्यूटर केन्द्र, चिकित्सा वैन द्वारा चिकित्सा सुविधा, कोचिंग केन्द्र, महिला मंडली, झोला पुस्तकालय, निशुल्क विधि परामर्श केन्द्र तथा अन्य कई प्रकल्पों का संचालन कर रही है। वहीं उन्होंने सेवा प्रसून के स्वास्थ्य सेवा विशेषांक की प्रशंसा करते हुए कहा कि विशेषांक में समाज के सुख व आरोग्यता की कामना से लेख, संपादकीय, स्मरणीय दिवस, अमृत वचन, सेवा सुभाषितों से विशेषांक संग्रहणीय है। 

विशेषांक के बारे में बताते हुए सेवा प्रसून के संपादक अवधेष उपाध्याय ने कहा कि सेवा प्रसून पुस्तिका अपने प्रकाशन के 20वे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। विशेषांक में निरोग रहने के घरेलू उपाय व अनुभूति प्रयोग, सेवाभावी महानुभावों एवं सेवा संस्थाओं के विवेचनात्मक विस्तृत जानकारियां, प्रेरक प्रसंग आदि का संग्रह है। 

पुस्तक के अतिथि संपादक आदर्श नंदन गुप्त, वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. मनोज कुमार शर्मा हैं। उन्हें व मधुकर चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया। संरक्षक मंडल, परामर्श मंडल एवं संपादक मंडल के प्रति आभार प्रकट किया।

 कार्यक्रम का संचालन प्रांत सह सेवा प्रमुख श्याम गुप्त ने किया। कार्यक्रम में सेवा भारती के प्रांत मंत्री सूर्यनारायण मिश्र, प्रांत उपाध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय एवं "हिन्दुस्तान वार्ता" यू.पी.हैड-धर्मेन्द्र कु.चौधरी,नन्दकिशोर गोयल,प्रतिभा जिंदल, सतीश शर्मा, राकेश जैन, शरद गुप्ता, संजय गुप्ता, हेमा चौहान, विभाग अध्यक्ष मुकेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।