ब्रज की लोककला और लोक संस्कृति को समर्पित होगा दीनदयाल धाम का मेला।

 


हिन्दुस्तान वार्ता।

आगरा। एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के जन्मोत्सव के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीनदयाल धाम, फरह में विशाल मेला का आयोजन किया जा रहा है। 22 से 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति, दीनदयाल धाम कामधेनू गौशाला समिति व पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मभूमि स्मारक समिति के तत्वावधान में आयोजित मेला में देश के ख्यातिप्राप्त विचारकों, बुद्धिजीवियों, उप्र की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्रीराम जन्मभूमि न्यास के महासचिव श्रीमान चंपतराय जी शामिल होंगे। 

शुक्रवार को मेला की विस्तृत जानकारी देने हेतु मदिया कटरा स्थित वैभव पैलेस में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए महोत्सव समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार टैंटीवाल ने कहा कि मेला ब्रज की लोककला और लोक संस्कृति को समर्पित रहेगा और इस बार मेले का मुख्य आकर्षण डिजिटल प्रदर्शनी होगी। महोत्सव समिति के महामंत्री डाॅ. कमल कौशिक ने बताया कि मेला इस वर्ष समाजिक प्रबोधन, कृषि एवं कृषकों के कल्याण व ब्रज की लोक संस्कृति को एक नई दिशा देने वाला होगा। 

 महोत्सव का शुभारंभ 21 सितंबर को दीनदयाल धाम में हवन पूजन के साथ प्रारंभ होगा। इसमें महामंडलेश्वर मैत्रेय गिरी जी व स्वामी हेमा सरस्वती का सानिध्य मिलेगा। 22 सितंबर को ग्राम्य विकास प्रदर्शनी एवं विराट किसान गोष्ठी का आयोजन होगा। जिसे उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। सांय शिशुओं का रंगमंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। रात्रि 10 बजे रसिया दंगल का आयोजन होगा। 23 सितंबर को बधाई गीत एवं लोकगीत माताओं द्वारा आयोजित होंगे। मध्यान में इसी दिन प्रतिभा सम्मान एवं विचार गोष्ठी होगी।   इस गोष्ठी में श्रीराम जन्मभूमि न्यास के महामंत्री चंपतराय जी का मार्गदर्शन मिलेगा। सांय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 24 सितंबर को गौ पूजन एवं चिकित्सा शिविर का आयोजित होगा। साथ ही कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता होगी। 

महोत्सव समिति की मंत्री रीना सिंह ने बताया कि दोपहर 2 बजे से लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिसमें राष्ट्रीय सेवा भारती के महासचिव रेनू पाठक मुख्य अतिथि रहेंगी। 25 सितंबर को शोध कार्यशाला आयोजित होगी और महोत्सव के समापन सत्र को महामहिम राज्यपाल उप्र श्रीमती आनंदी बेन पटेल संबोधित करेंगी।

 महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष उप्र लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि 25 सितंबर की रात्रि 8 बजे से कवि सम्मेलन आयोजित होगा। कवि सम्मेलन में डाॅ. हरिओम पवार, डाॅ. विष्णु सक्सेना, अनामिका जैन अम्बर आदि ख्यातिप्राप्त कवियों का मार्गदर्शन मिलेगा। 

 संघ के विभाग प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने कहा कि मेला ब्रजक्षेत्र की संस्कृति को जीवंत बनाने के साथ-साथ समाज में प्रबोधन का भी कार्य करेगा। उन्होंने आगरा वासियों से मेला में सहभागिता का अनुरोध किया। पत्रकार वार्ता में रावी इवेंट के मनीष अग्रवाल, अभिषेक जैन, सुधीर गर्ग, राम पाठक, अंतुल सिंघल, नीलू धाकरे, सुप्रिया, रश्मि सिंह आदि उपस्थित रहे।