आगरा: उत्तर भारत के ऐतिहासिक,श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का शुभारंभ आज से।


 

                    


- वार्षिक पत्रिका "लीलांजली" का विमोचन।

- 99 वर्ष हो रहे हैं पूर्ण, शताब्दी वर्ष की तैयारियां भी।

- गणपति पूजन के बाद,निकाली जाएगी,गणेश जी की सवारी

- कंस वध पर होगी आकर्षक आतिशबाजी।

हिन्दुस्तान वार्ता।(धर्मेन्द्र कु.चौधरी)

आगराः श्रीकृष्ण लीला कमेटी के तत्वावधान में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का शुभारंभ शनिवार से किया जा रहा है। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को मनमोहक मंचन किया जाएगा। इसके लिए वृंदावन के कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। 

श्रीकृष्ण लीला कमेटी की वार्षिक पत्रिका (विवरणिका) का विमोचन भी गौशाला परिसर में शुक्रवार को किया गया। 

इसका संपादन आदर्श नंदन गुप्ता ने किया है। कमेटी के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में लीला का मंचन वृंदावन के श्रीराम शर्मा (निमाई) के निर्देशन में किया जाएगा, जिनके कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर कंस वध की लीला तक मंचन 31 अक्टूबर से नौ नवंबर तक करेंगे। यह गौरव का विषय है कि सन् 1924 से शुरू हुआ यह महाआयोजन निरंतर लोकप्रियता प्राप्त कर रहा है। इस वर्ष इस आयोजन को 99 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही शताब्दी वर्ष की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। 

 कार्यकारी अध्यक्ष मदन गर्ग ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला कमेटी द्वारा समाजसेवा का कार्य भी किया जाता है। इसकी सहयोगी संस्था श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति के अंतर्गत कन्या - महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई व कम्प्यूटर की शिक्षा प्रदान की जाती है। 

महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि शनिवार को शाम चार बजे गौशाला पर मुकुट पूजन होगा। उसके बाद गणेश जी की सवारी निकाली जाएगी। जो शहर में विभिन्न मार्गों से भ्रमण करती हुई वापस गौशाला आएगी। 

 इस अवसर पर श्रीकृष्ण लीला कमेटी की वार्षिक पत्रिका (विवरणिका) का विमोचन अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष मदन गर्ग, महामंत्री विजय रोहतगी, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग, वरिष्ठ उपाध्याक्ष अशोक गोयल, लीला संयोजक के के अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता,धर्मेन्द्र कु.चौधरी,सुरेंद्र मित्तल, अनूप गोयल,पीके मोदी, केसी अग्रवाल,कैलाश खन्ना, विनीत सिंघल,जवाहरलाल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, प्रभात रोहतगी,मनीष शर्मा,पंकज शर्मा आदि ने किया।