नई नहर निर्माण संघर्ष समिति आंदोलन के 150 वें दिन पर,एक दिवसीय अनशन करेगी।



हिन्दुस्तान वार्ता।आगरा

 जनपद आगरा के विकास खंड फतेहपुर सीकरी के राजस्थान सीमा से सटे हुए करीब 50 गांवों के 600 फुट तक ज़मीन के गिरते भूगर्भ जलस्तर व खारे पानी के कारण प्रभावित किसानों की करीब 8000 हेक्टेयर खेतों की सिंचाई की समस्या के समाधान हेतु नई नहर निर्माण/अन्य सिंचाई विकल्प व उक्त परियोजना के कार्य में उदासीनता,असहयोग, शिथिलता बरतने, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना व किसानों को गुमराह करने वाले अधीक्षण अभियन्ता व अधिशासी अभियंता आगरा के निलंबन की मांग को लेकर, नई नहर निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक चौधरी दिलीप सिंह की अगुवाई में दिनांक 03 अगस्त 2022 से अधीक्षण अभियन्ता तृतीय मंडल सिंचाई कार्य, कार्यालय प्रतापपुरा चौराहा आगरा पर किसानों द्वारा बेमियादी धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।

  किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह ने कहा कि.. अनसुनी व लापरवाही करने वाले सिंचाई विभाग के अधिकारियों, जिला प्रशासन व उत्तर प्रदेश शासन के द्वारा किसानों की सिंचाई समस्या के समाधान के संबन्ध में कोई प्रभावी कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है।

 केवल टालमटोल कर किसानों को गुमराह किया जा रहा है।

 इसलिए नई नहर निर्माण संघर्ष समिति द्वारा बेमियादी धरना प्रदर्शन के 150 वें दिन, आगामी शुक्रवार दिनांक 30 दिसंबर 2022 को एक दिवसीय अनशन कर किसानों की विभिन्न सिंचाई समस्या निराकरण कराए जाने वाले आन्दोलन को धार दी जायेगी।