भाजपा राज्यसभा सांसद हरिद्वार दुबे का निधन।






हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कुमार चौधरी

आगरा:भाजपा राज्य सभा सांसद हरिद्वार दुबे (Haridwar Dubey ) का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। 

उनके बेटे प्रांशु दुबे ने बताया कि वे रविवार को ठीक थे, दिल्ली हॉस्पिटल में एडमिट थे। आज सोमवार को सुबह अचानक सीने में दर्द होने की शिकायत हुई एवं कुछ देर बाद ही उनकी सांसें थम गईं।

दअरसल उनकी किडनी फेल हो गई थीं। पिछले 12 दिन से फोर्टिस हॉस्पिटल,दिल्ली में भर्ती थे। निधन मल्टी ऑर्गन फेल होने के कारण हुआ है।

हरिद्वार दुबे काफी समय से किडनी रोग से पीड़ित थे। डायलिसिस भी हो रही थी। समस्या अधिक होने पर उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मल्टी ऑर्गन फेल होने के कारण बचाया नहीं जा सका। वे बीमार थे, इस बारे में कुछ ही लोगों को जानकारी थी।

 अचानक निधन का समाचार मिलने से हर कोई हैरत में है। हरिद्वार दुबे के अंतिम दर्शन के लिए आवास पर लोग पहुंच रहे हैं।

बता दें कि साल 2020 में हरिद्वार दुबे (Haridwar Dubey ) राज्यसभा के सदस्य बने थे। इससे पहले वह यूपी की कल्याण सिंह की सरकार में वित्त राज्य मंत्री भी रहे थे। हरिद्वार दुबे संघ के पुराने प्रचारक थे। बीजेपी की सक्रिय राजनीति में आने से पहले वह सीतापुर, अयोध्या और शाहजहांपुर में आरएसएस के जिला प्रचारक रहे हैं।  

उनका विवाह प्रोफेसर कमला पांडे से हुआ। वे भी कई वर्ष से अस्वस्थ चल रही हैं। अजंता कॉलोनी,धौलपुर हाउस,आगरा में उनका स्थाई आवास है।

मूल रूप से बलिया के रहने वाले हरिद्वार दुबे (Haridwar Dubey )लंबे समय से आगरा(Agra)की राजनीति में सक्रिय थे। वह वर्ष 1969 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री बन आगरा आए थे। तभी से यहां की राजनीति में जम गए। साल 1989 में आगरा छावनी से पहली बार चुनाव लड़ा और जीते। इसके बाद 1991 में भी जीते।आगरा की राजनीति में वे लंबे समय से सक्रिय थे। उन्हें पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी थी, जिन्हें उन्होंने बखूबी निभाया था।

वर्ष 2005 में खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली। 2011 में आगरा-फिरोजाबाद विधान परिषद सीट से चुनाव हार गए। 2013 में भाजपा उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाए गए। 26 नवम्बर 2020 को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

हरिद्वार दुबे के परिवार में पुत्र प्रांशु दुबे, पुत्रवधू उर्वशी,पुत्री डा.कृत्या दुबे, दामाद डा.शिवम और पौत्र दिव्यांश,पौत्री दिव्यांशी हैं। उनके भाई गामा दुबे भी वरिष्ठ भाजपा नेता हैं।