आजादी के जश्न में सराबोर हुआ,प्रिल्यूड,मनाया 77वाँ स्वतंत्रता दिवस।



 हम लहराएँगे तिरंगा,गाएँगे राष्ट्रीय गान।

 प्रकृति,धरा,विद्युत व जल को बचाएँगे। प्लास्टिक मुक्त भारत को आगे लाएँगे।

 ऐसे हम सही मायनों में 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाएँग

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा: 15 अगस्त,आज जिस खुले आकाश में हम पक्षियों की तरह उन्मुक्त होकर स्वच्छंदता से साँस ले रहे हैं, उस आजादी के लिए देश के हजारों ज्ञात और अज्ञात लोगों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्हीं सबके अथक प्रयासों से मिली इस आजादी के पावन पर्व का आयोजन, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल परिसर में पूरे उल्लास से किया गया।

 शहीदों के बलिदानों की याद करते हुए छात्र जसनूर सिंह तथा छात्रा अक्षिता दुबे ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों का स्वतंत्रता दिवस की पावन बेला पर अभिनंदन किया।

  विद्यालय के निदेशक श्री श्याम बंसल ,प्राचार्य श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं मुख्य समन्वयक श्री संजय शर्मा ने शहीदों की वेशभूषा में सजकर आए नन्हें प्रिल्यूडियन्स के साथ झंडारोहण किया। पूरे जोश के साथ विद्यालय परिवार ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की आजादी में अपने पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।

 विद्यालय की छात्रा प्रमुख सुहानी अरोरा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आजादी के महत्व और उसकी रक्षा के लिए सभी देशवासियों के कर्त्तव्यों पर विशेष बल दिया। छात्रों ने देश प्रेम की कविताएँ प्रस्तुत कीं। देशप्रेम की भावना से भरे छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियाँ आकर्षक रही।

इसके बाद विद्यालय के गायन समूह के देशभक्ति के गीत द्वारा सभी में देशप्रेम का भाव भर दिया। छात्रों की आकर्षक नृत्य नाटिका प्रस्तुति ने सभी के मन में देश प्रेम के भावों का संचार किया। उन्होंने इसके माध्यम से सीमा पर शहीद होने वाले सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।   

विद्यालय के निदेशक श्री श्याम बंसल ने  सभी को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने छात्रों को स्वतंत्रता का महत्व बताते हुए देश के लिए स्वयं को न्योछावर करने की प्रेरणा दी।प्रकृति को हरा-भरा बनाने के लिए अपना भरसक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।  डॉ. सुशील गुप्ता ने छात्रों को स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर संदेश देते हुए कहा कि नैतिक मूल्यों को अपनाकर, संस्कारवान बनकर देश के हित को सर्वोपरि रखना चाहिए। प्राचार्य श्री अरविंद श्रीवास्तव ने सभी को आजादी के पावन पर्व पर बधाई देते हुए उनके कर्त्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई। मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।