श्याम नाम की मेहंदी संग जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ,कालिंदी तीरे मची कान्हा के जन्म की धूम।



− बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में चार दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव शुरू

− श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा 6 सितंबर को निकाली जाएगी भव्य निशान यात्रा। 

− श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा 15 वीं बार किया जा रहा है भव्य आयोजन।

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। मुरली की धुन पर जग को नचाने वाले,वृंदावन में रास रचाने वाले,संसार को कर्म का ज्ञान सिखाने वाले उस अजन्मे के जन्म की बधाइयों में सराबोर हो रहा है पूरा शहर।

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की यही उमंग छायी दिखी बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में। 

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा आयोजित 15 वें जन्माष्टमी महोत्सव एवं छप्पन भोग का आरंभ मंगलवार को वैदिक हवन एवं श्याम नाम की मेहंदी के साथ हुआ। कलकल बहती कालिंदी के तट पर महिलाओं ने श्याम नाम की मेहंदी हाथाें में लगवायी। 10 से 20 वर्ष तक की गोपिकाओं ने महिलाओं की हथेलियों को श्याम के प्रेम से रचाया।

 सर्व प्रथम गणेश जी काे प्रणाम करते हुए मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर, राज्य महिला आयोग सदस्य निर्मला दीक्षित, प्रियांशु तिवारी,पार्षद पूजा बंसल और मीना बंसल के हाथाें में मेहंदी लगायी गयी। श्याम नाम की मेहंदी रचाकर, घुंघट में शरमाउंगी…जैसे भजनों की धुन और राधे राधे के जयकारों से वृंदावन जैसा आभास हो रहा था। परिसर की भव्यता और सुंदरता, यमुना मैया की दिव्यता, मां लक्ष्मी की भक्ति की अनुपमता दर्शा रही थी। 

आध्यात्म की लहर में अतिथिगण भी झूमने लगे। 

विविध गेम के साथ ही राधा−कृष्ण के भजनों पर आधारित बाल स्वरूपों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। जहां बात राधा− कृष्ण की हो और वहां रास न हो, ऐसा कैसे हो सकता है। बालिकाओं और महिलाओं ने डांडिया नृत्य से कृष्णकालीन रास को जीवंत किया। सामूहिक प्रसादी के साथ प्रथम दिन के उत्सव का समापन हुआ। इससे पूर्व प्रातः वैदिक यज्ञ से महोत्सव की पूर्णता के लिए गुरु सत्ताओं का आह्मवान किया गया।  

ट्रस्टी राम मोहन कपूर और सतीश कपूर, अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री अशाेक सिंघल, कोषाध्यक्ष विकास मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज जैन, दिलीप बंसल ने व्यवस्थाएं संभालीं। ज्योति, रितु, सपना, श्रुति, रेशु, शिवानी कपूर, अंजली, मोहना, पिंकी, सपना, संगीता, आशु, सुरेखा, प्रीति आदि ने आयोजन में सहभागिता दी।  

6 सितंबर,प्रातः7 बजे,निकलेगी भव्य निशान यात्रा।

ट्रस्टी राम मोहन कपूर और सतीश कपूर ने बताया कि 6 सितंबर को प्रातः 7 से भव्य निशान यात्रा मंदिर परिसर से खाटू श्याम मंदिर, जीवनी मंडी तक निकाली जाएगी। निशान यात्रा में स्कूली बच्चे रंग बिरंगे परिधानों में स्कूटी पर साथ चलेंगे। देश की विविधता में एकता की झांकी निशान यात्रा में दिखेगी। श्याम बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंज्जायमान होगा। अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को ही सायं 7 बजे से पोशाक यात्रा बल्केश्वर क्षेत्र में निकलेगी।

यह यात्रा चिनार हाउस(राधा नगर बल्केश्वर रोड) से मंदिर परिसर तक निकलेगी। 

जन्माष्टमी के दिन होगी भजन संध्या।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 7 सितंबर को मंदिर में विशाल फूल बंगला और छप्पन भाेग के दर्शन होंगे। साथ ही राजस्थान और मप्र के कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत होगी। 8 सितंबर को सायंकाल श्याम रसोइ का आयोजन होगा और अन्तरराष्ट्रीय कलाकार भावना दीक्षित द्वारा मयूर नृत्य की प्रस्तुति होगी।