आगरा से अयोध्या के लिए चलाई जाये एयर बस,नेशनल चैम्बर ने की मांग।

 

                    


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा:15 जनवरी,चैम्बर भवन में श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी को एक पत्र के माध्यम से अयोध्या से आगरा के लिए एयर बस प्रारम्भ करने के लिए निवेदन किया गया।

अध्यक्ष राजेश गोयल ने कहा कि सरकार द्वारा आगरा को धार्मिक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। चैम्बर द्वारा इसकी पहल लगातार की जा रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा माननीय प्रधानमंत्री द्वारा की जा रही है। हम चाहते हैं कि इस अवसर पर माननीय नागर विमानन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी द्वारा एक एयर बस आगरा से अयोध्या के लिए प्रारम्भ की जाये। जिससे पर्यटकों को अयोध्या के साथ-साथ आगरा एवं आगरा के निकटतम धार्मिक स्थलों का भी अवलोकन करने में सुविधा प्राप्त हो। 

पूर्व अध्यक्ष एवं जनसम्पर्क एवं समन्वय प्रकोष्ठ के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि आगरा में शिवालय सर्किट बनाया जा रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर व बाद में धार्मिक पर्यटकों का अयोध्या दर्शन हेतु आना -जाना स्वाभाविक है। इस यात्रा को सरल बनाने हेतु एक एयर बस आगरा से अयोध्या के लिए शीघ्र  प्रारम्भ की जाये। एयर बस के प्रारम्भ होने से धार्मिक पर्यटकों को अयोध्या के साथ-साथ आगरा,मथुरा-वृंदावन गोवर्धन जैसे धार्मिक स्थलों के  भी भ्रमण करने में आसानी होगी। इससे आगरा के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 

पर्यटन विकास,हस्तकला एवं एयरपोर्ट प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रहलाद अग्रवाल ने कहा कि अयोध्या के साथ-साथ आगरा को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार के कई प्रयास चल रहे हैं। आगरा के निकट 108 शिवालय श्रंखला की नगरी बटेश्वर स्थित है जो पूर्व प्रधान मंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म स्थली है। इसका विकास भी किया जा रहा है। अयोध्या से आगरा के लिए एयरबस के संचालन से तीर्थ यात्री आगरा, मथुरा, वृंदावन एवं गोवर्धन तीर्थ नगरियों के दर्शन का लाभ ले सकेंगे तथा इसी प्रकार आगरा,मथुरा-वृंदावन,गोवर्धन से अयोध्या को जा सकेंगे।

फोटो कैप्शन : अध्यक्ष-राजेश गोयल एवं स.प्र.अध्यक्ष-मनीष अग्रवाल।