फूलों की होली के साथ बुजुर्गों को नमन,अग्र मिलन समिति ने किया वृद्धजन सम्मान



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। रंग,गुलाल और फूलों की सुगंध के बीच जब बुजुर्गों के सम्मान का भाव जुड़ जाए तो उत्सव और भी विशेष बन जाता है। इसी भावना के साथ अग्र मिलन समिति,कर्मयोगी एक्सटेंशन द्वारा चतुर्थ होली मिलन एवं वृद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन कर्मयोगी एनक्लेव, कमला नगर स्थित डॉ. राम नर्मदा परशुराम सेवा सदन में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में होली की उमंग के साथ समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित कर भारतीय संस्कारों की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कामता प्रसाद अग्रवाल, कौशल किशोर सिंघल, सुरेश चंद्र गर्ग, समिति अध्यक्ष पवन बंसल और पार्षद चंचल बंसल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का चंदन तिलक लगाकर और पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

समारोह में वृंदावन से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय और उत्सवी बना दिया। फूलों की होली, भक्ति गीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अबीर-गुलाल और चंदन की सुगंध से पूरा परिसर होली के उल्लास में सराबोर दिखाई दिया।

समिति अध्यक्ष पवन बंसल ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए कहा कि माता-पिता और बुजुर्ग हमारे जीवन की अमूल्य अनुभव निधि हैं। उनका सम्मान करना हमारे संस्कारों और संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद समाज और परिवार को सही दिशा देता है।

इस अवसर पर आयोजित वृद्धजन सम्मान समारोह में मंजू अग्रवाल, रमेश चंद्र अग्रवाल, दर्शन रानी अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, त्रिवेणी देवी, राजरानी, डीडी सिंघल, मिथिलेश सिंघल, राजरानी अग्रवाल, पुष्पा रानी, सतीश चंद्र अग्रवाल और शांति देवी को शॉल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल,राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे, मेयर हेमलता दिवाकर, विधायक छोटेलाल वर्मा, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, पूर्व विधायक महेश गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, नितिन गोयल, सुनील कुमार गर्ग, गोपाल बंसल, सतीश चंद्र गर्ग और अनिल अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं महामंत्री संजय अग्रवाल (तोता भाई), कोषाध्यक्ष विजय अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रमेंद्र गर्ग, पवन अग्रवाल, हरीश गोयल, दिनेश चंद्र मंगल, सहसचिव सुमित गर्ग, उमेश गर्ग, संचित गोयल, सचिन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, शुभम अग्रवाल आदि ने संभाली।