गुरु डॉ.दीपिका उपाध्याय जी के श्री मुख से आगरा में श्रीमद्भागवत गीता प्रवचन का भव्य शुभारंभ।



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

 आगरा: 'श्रीमद्भगवद्गीता मात्र भगवान के मुखारविंद से निकला हुआ निवृत्ति मार्गीय उपदेश नहीं है,वरन् इसमें मानव मन के अवचेतन के गहन अंधकार का अन्वेषण है।गीता के उपदेश मानव मनोविज्ञान का ब्लू प्रिंट है।

उक्त उद्गार,विख्यात कथावाचक डॉ.दीपिका उपाध्याय जी के हैं।उन्होंने ये प्रवचन,बाग फरजाना में श्रीमद्भगवद्गीता प्रवचन श्रृंखला का प्रारंभ करते हुए दिए।

 आज इंजीनियर अजय किशोर के यहां पौष कृष्ण एकादशी से प्रवचन श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। गीता के प्रथम अध्याय के मूल पाठ के साथ ही कथा वाचक ने महाभारत युद्ध की भूमिका तथा गीता का माहात्म्य बताया। इस लोक कल्याणकारी ग्रंथ की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि इसका प्रथम श्लोक ही महाभारत के युद्ध के परिणाम की ओर संकेत करता है,जहां धृतराष्ट्र राजा होकर भी अपने तथा अपने भाइयों के पुत्रों के बीच क्या हुआ,जैसा स्वार्थ पूर्ण प्रश्न करते हैं।

उन्होंने ने कहा कि जो राजा परिवार के बच्चों में ही भेद दृष्टि रखता हो, वह राज्य की प्रजा को भला पुत्र समान कैसे समझ सकता है। ऐसे राजा और उसके राज्य का पराभव सुनिश्चित है। धृतराष्ट्र द्वारा किया गया यह प्रश्न ही महाभारत युद्ध के कारण तथा परिणाम दोनों की ओर संकेत करता है।

 आगे कथा वाचक ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की व्याख्या करते हुए सीमंत पंचक क्षेत्र की महिमा तथा उसका इतिहास बताया। प्रथम अध्याय में कौरवों और पांडवों के साथ युद्ध में संलग्न वीरों के परिचय के साथ-साथ उनकी अंतर्कथाओं से भी कथावाचक ने परिचित कराया।भीष्म पितामह की मृत्यु की रहस्य कथा के साथ ही प्रवचनों का विश्राम हुआ। 

इस अवसर पर मुख्य यजमान इंजीनियर अजय किशोर, सोनू मेहरोत्रा, देवेंद्र गोयल,रवि शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित  रहे।