भारत-इंडोनेशिया राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे



हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

दिल्ली:इंडोनेशियाई और भारतीय व्यापार समुदाय के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से नई दिल्ली में आयोजित इंडोनेशिया-भारत बिजनेस फोरम में विदेश राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम में भारत और इंडोनेशिया के कई प्रमुख बिजनेस लीडर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान भारत-इंडोनेशिया राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने का भी जश्न मनाया गया और इसे यादगार बनाने के लिए एक संयुक्त लोगो भी लॉन्च किया गया।

_____________________________

विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन ने इंडोनेशिया-भारत बिजनेस फोरम में लिया हिस्सा।

____________________________

राज्य मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा इंडोनेशिया-भारत बिजनेस फोरम में भाग लेकर प्रसन्नता हुई। व्यापार हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जिसमें आगे विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। भारत-इंडोनेशिया राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर संयुक्त लोगो लॉन्च कर इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया गया।

बिजनेस फोरम में दिए अपने मुख्य भाषण में राजकुमार रंजन  सिंह ने कहा कि इंडोनेशिया आसियान के भीतर भारत के सबसे बड़े व्यापारिक भागीदारों में शुमार हो चुका है। उन्होंने मंदी के दबावों और भू-राजनीतिक व्यवधानों के बावजूद दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में जोरदार सुधार होने पर खुशी जाहिर की।

भारत दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने का प्रयास कर रहा है। हाल ही में जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास ने इंडोनेशिया इंडिया बिजनेस फोरम (आईआईबीएफ) के साथ साझेदारी में दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इस विशेष कार्यक्रम में 2024 के लिए विकसित हो रही व्यापार नीतियों और आर्थिक दृष्टिकोण पर फोकस किया गया।

आईआईबीएफ ऐसे स्टार्टअप्स और स्थापित व्यवसायों को बढ़ावा देता है, जो भारत और इंडोनेशिया में उद्यम करना चाहते हैं। यह दोनों देशों के ऐसे पेशेवरों को एक मंच प्रदान करता है, जो एक साथ मिलकर नए व्यावसायिक अवसर खोजने में रुचि रखते हैं।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)