हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खंदारी स्थित फ्रेंड्स पैराडाइज सोसाइटी में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोसाइटी के निवासियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक भावना शर्मा ने शिविर का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मन, हृदय और प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की एक प्रभावी जीवन-पद्धति है। योगाभ्यास के माध्यम से शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को संतुलित बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कोकिला गर्ग, नीरू मल्होत्रा, इंदु पलवल, डॉली, अंजू एवं पूजा सहित अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा योग पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति देकर वातावरण को आनंदमय बना दिया। इस अवसर पर इंजी.संजय गर्ग की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
शिविर का समापन प्रशिक्षक भावना शर्मा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सरल योगासनों एवं व्यायामों की प्रस्तुति के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लेते हुए आयोजन की सराहना की।



