उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग दर्जा राज्य मंत्री के साथ सीएफपीआईए के प्रतिनिधि मंडल ने उप मुख्यमंत्री से की भेंट
22, 23 और 24 जून को होटल जेपी पैलेस, आगरा में आयोजित होगा प्रदेश का पहला फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव
केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से होगा आयोजन,देशभर के उद्यमी होंगे शामिल
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग (दर्जा राज्य मंत्री) के साथ चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से लखनऊ स्थित उनके शिविर कार्यालय में भेंट कर उन्हें आगामी फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रण प्रदान किया। यह भव्य आयोजन 22, 23 और 24 जून को होटल जेपी पैलेस, आगरा में आयोजित किया जाएगा।फूड एक्सपो में उप मुख्यमंत्री 24 जून को उद्यमियों से संवाद करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत, मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल 'रावी', उपाध्यक्ष नितिन गोयल, सचिव विकास चतुर्वेदी, शैलेश अग्रवाल, रिपुदमन सिंह अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री को एक्सपो की रूपरेखा, उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी गई।
उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश की आर्थिक समृद्धि में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की भूमिका निर्णायक होती जा रही है। "चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन" इस परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
फूड एक्सपो प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि देशभर के खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों, ब्रांड्स और तकनीकी विशेषज्ञों की भागीदारी एक्सपो में रहेगी।
सचिव विकास चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश में पहली बार आयोजित होने जा रहे फूड एक्सपो में उत्पादों की प्रदर्शनी, संवाद, प्रशासन,नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के बीच सीधा संवाद, नवाचार, ब्रांडिंग, पैकेजिंग,एक्सपोर्ट और सरकारी योजनाओं पर केंद्रित तकनीकी सत्र होंगे।
उपाध्यक्ष नितिन गोयल ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान भी उपस्थित रहेंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास राज्य के उद्योगों को नई दिशा देने में सहायक होंगे। उन्होंने भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया और आयोजन का आमंत्रण स्वीकार किया।