गणपति स्मार्ट सिटी में धूमधाम से मनाई हरितालिका तीज



महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर अखंड सौभाग्य की कामना की

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सिकंदरा स्थित गणपति स्मार्ट सिटी में सोमवार को हरितालिका तीज का पावन पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सोसाइटी परिसर स्थित मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें व्रती महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा कर अखंड सौभाग्य एवं पति की दीर्घायु की कामना की।

कार्यक्रम में ममता त्रिपाठी,माधुरी दुबे, आरती, कंचन दुबे और संयुक्ता मिश्रा सहित सोसाइटी की अनेक महिलाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सजी महिलाओं ने श्रद्धा के साथ तीज व्रत का पूजन किया।

मुख्य पुरोहित पंडित शंकर प्रताप शुक्ल ने हरितालिका तीज की पौराणिक व्रत कथा का वाचन किया तथा व्रत के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के दांपत्य जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से व्रत की महत्ता बताई।

इस अवसर पर सोसाइटी की वरिष्ठ महिलाओं शैलेश सक्सेना और आराधना अग्रवाल ने भी महिलाओं के साथ तीज पर्व से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि हरितालिका तीज केवल पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना का पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपरा, नारी शक्ति और आपसी एकता का भी प्रतीक है। सामूहिक रूप से पर्व मनाने से समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

पूजा और कथा के बाद महिलाओं ने सुहाग की पारंपरिक रीत निभाते हुए सिंदूर धारण किया। इसके बाद मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

रिपोर्ट : रविन्द्र दूबे