पांच कुंडीय यज्ञ में सैंकड़ों भक्त देंगे आहुति
देवी माँ पीताम्बरा जी भक्त मंडल द्वारा सीताराम मंदिर,वजीरपुरा में दो दिवसीय भव्य आयोजन
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। सर्व मनोकामना पूर्ण करने वालीं महाशक्ति देवी माँ पीताम्बरा जी का प्राकट्य उत्सव एवं वार्षिकोत्सव आगामी 4 व 5 मई को धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य आयोजन मां पीताम्बरा भक्त मंडल द्वारा वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में संपन्न होगा। आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन शनिवार को किया गया और आगरा वासियों को सादर आमंत्रित किया गया।
मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय ने जानकारी दी कि चार वर्ष पूर्व दतिया स्थित मां बगलामुखी मंदिर के मार्गदर्शन में सीताराम मंदिर में मां पीताम्बरा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इससे पूर्व मंदिर में दस वर्षों तक लगातार मां बगलामुखी का हवन होता रहा है, जो अब भी प्रत्येक शनिवार और नवरात्रों में नियमित रूप से संपन्न होता है। साथ ही शरद पूर्णिमा से दीपावली तक विशेष 15 दिवसीय हवन का आयोजन किया जाता है।
पंडित मुकेश शर्मा ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ 4 मई को सायं 6 बजे से माता की चौकी के साथ होगा। 5 मई को प्रातः मां का पंचद्रव्य व औषधियों से अभिषेक, श्रृंगार, पोशाक और फूल बंगले का दर्शन कराया जाएगा।
पूर्वाह्न 10 बजे दतिया मंदिर के महंत यज्ञवाल्क्य शास्त्री विशेष रूप से पधारेंगे, जिनका विधिवत स्वागत-सम्मान किया जाएगा। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे से पांच कुंडीय यज्ञ प्रारंभ होगा, जिसमें 1100 मालाओं के जप भी संपन्न होंगे।
श्रीकृष्ण लीला अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं डॉ.संजीव नेहरू ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए विशेष हवन कुंड बनाए जा रहे हैं, जिनमें सैकड़ों भक्त आहुति दे सकेंगे। शाम 4 बजे कन्या पूजन और भंडारा आयोजित किया जाएगा। यज्ञ की आरती महंत यज्ञवाल्क्य शास्त्री एवं श्याम मुरारी गुरुजी द्वारा की जाएगी। आरती के दौरान आगरा के प्रसिद्ध बैंडों द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में अनंत उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, मनीष अग्रवाल,राजपाल मिश्रा, डॉ.संजीव नेहरू, मुकेश शर्मा, अन्ना गुरु, पंकज शास्त्री, आयुष उपाध्याय व हनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।