राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेकर भारत रक्षा मंच ने मनाया 16वां स्थापना दिवस,आगरा में होगा भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। राष्ट्रहित सर्वोपरि के उद्घोष के साथ भारत रक्षा मंच का 16वां स्थापना दिवस समारोह सिकंदरा रोड स्थित सिटी ढाबा पर भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद नवीन जैन और संत बाबा प्रीतम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।

अपने उद्बोधन में संत बाबा प्रीतम सिंह ने राष्ट्र सेवा को ही सबसे बड़ा धर्म बताते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत के आत्मसम्मान और अखंडता की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि भारत रक्षा मंच केवल संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र रक्षा का एक जागृत जनआंदोलन है जो देश की सांस्कृतिक, सामाजिक और सुरक्षा चेतना को मज़बूती प्रदान कर रहा है।

समारोह के मुख्य वक्ता मंच की वरिष्ठ पदाधिकारी सुजेन आनंद थीं। उन्होंने मंच की स्थापना और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत रक्षा मंच की नींव राष्ट्र की अस्मिता, संस्कृति और सुरक्षा की रक्षा हेतु रखी गई थी। मंच निरंतर राष्ट्रविरोधी तत्वों, अवैध घुसपैठ और सांस्कृतिक हमलों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर मंच द्वारा राष्ट्रीय अधिवेशन की औपचारिक घोषणा भी की गई। आयोजन संयोजक श्रीनिवास गुप्ता ने बताया कि यह भव्य अधिवेशन 5, 6 और 7 सितंबर को आगरा में आयोजित होगा,जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। अधिवेशन में देशभर से हजारों प्रतिनिधि भाग लेंगे और विभिन्न राष्ट्रहित विषयों पर मंथन होगा।

राष्ट्रीय मंत्री उमाकांत तिवारी ने मंच के उद्देश्यों पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की एवं मंच में गीत को स्वाभिमान के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मंच रोहिंग्या घुसपैठियों का पुरजोर विरोध करता है और केंद्र सरकार से इन पर कठोर नीति अपनाने की माँग करता है। मंच का उद्देश्य भारत की सीमाओं,संस्कृति और संसाधनों की रक्षा करना है।

समारोह की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राजीव जयराम ने की। इस अवसर पर ब्रज प्रांत अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता,महामंत्री विनोद सिंह कुशवाह,पत्रकार धर्मेन्द्र कु.चौधरी,जिला अध्यक्ष आगरा आदित्य पाराशर,महिला प्रकोष्ठ महामंत्री रेनू बंसल,शिवानी गुप्ता,फिरोजाबाद जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, मथुरा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता,मंत्री केएम महेश्वरी,पू.पार्षद मोहन गुप्ता,संदीप परमार,गुड्डू रावत आदि उपस्थित रहे।