हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा,18 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा होटल पीएल पैलेस,संजय प्लेस में प्रबुद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आगरा मंडल व्यापार संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश चंद्र गोयल को भी उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से संगठन की गरिमा और प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।
गिरीश चंद्र गोयल पिछले लगभग 30 वर्षों से आगरा मंडल व्यापार संगठन से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने संगठन में महामंत्री एवं कार्यवाहक अध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। अपने कार्यकाल में उन्होंने संगठन के हित में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए तथा वर्तमान में भी संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समारोह में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने गिरीश चंद्र गोयल को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एस.पी.बघेल,विधायक धर्मपाल सिंह, विधायक जी.एस. धर्मेश तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आगरा मंडल व्यापार संगठन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने गिरीश चंद्र गोयल को मिले इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे व्यापारिक समाज के लिए गौरव का विषय बताया।

