श्री बलराम जी जयन्ती पर सूरजमुखी के पुष्पों से सजा श्री जगन्नाथ मंदिर

 


एकादशी से प्रारम्भ हुए झूलन उत्सव का हुआ समापन,16 को जन्माष्टमी और 17 अगस्त का आयोजित किया जाएगा नन्दोत्सव

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। श्री जगन्नाथ मंदिर में बलराम जयन्ती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को व भगवान के सिंहासन को सूरजमुखी के पुष्पों से सजाया गया। इसके साथ ही एकादशी से प्रारम्भ हुए झूलन उत्सव के समापन पर फूल बंगला व भंडारे का आयोजन किया गया। हर रोज तरह-तरह के झूले सजाए गए और भक्तों ने सावन माह मेंश्रीराधा-कृष्ण को झूला झुलाकर कीर्तन भी किया। 

श्रीकृष्ण के बड़े भाई श्री बलराम जी की जयन्ती कमला नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस मौके पर श्री बलराम जी की जन्म कथा के साथ पंचामृत व पंचगव्य से श्री बलराम जी का अभिषेक किया। श्री बलराम का अभिषेक होते ही भक्तजन पुष्प वर्षा करने लगे। श्रीकृष्ण के साथ श्री बलराम जी के जयकारे भी लगे। हरिनाम के कीर्तन में डूबे भक्तजनों द्वारा राधा-कृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। भजन सत्संग के उपरान्त भंडारे का आयोजन किया गया। सूरजमुखी के फूलों से फूल बंग्ला सजाया गया। श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई,श्री बलराम जयन्ती के साथ ही एकादशी से प्रारम्भ हुए झूलन उत्सव का भी समापन हो गया।

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि 16 अगस्त को जन्माष्टमी महोत्सव व 17 अगस्त को नन्दोत्सव का आयोजन किया जाएगा।अरविंद प्रभु एवं पीआरओ अखिलेन्द्र योगी ने श्री बलराम जी की जयंती पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर विश्वास प्रभु,शशांक प्रभु,ओमप्रकाश अग्रवाल,अदिति गौरांगी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।