हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। शारदा वर्ल्ड स्कूल में 15 अगस्त को 79 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे देशभक्ति का वातावरण और भी प्रखर हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ हेड ऑफ स्कूल सत्याकी बनर्जी द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुआ। हैड बॉय भव्य जैन ने सभी आगंतुकों को प्रतीक चिह्न लगाकर स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के रामानुजन सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
अपने संबोधन में सत्याकी बनर्जी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन हमें न केवल आजादी की कीमत याद दिलाता है,बल्कि इसे जीवन में सही रूप में अपनाने की प्रेरणा भी देता है। कार्यक्रम में पीपीटी के माध्यम से भारत की विरासत और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया।
छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों मनोज कुमार, सजल गौड़ एवं नमिता वाजपेई के निर्देशन में देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। “मिशन सिंदूर” पर आधारित नृत्य नाटिका, “हम हैं राही”, “ऐ वतन मेरे वतन” और “ओ देश मेरे” जैसे गीतों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
विद्यालय की छात्रा आदिश्री ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रभावशाली भाषण दिया। कक्षा 4, 5 और 6 के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद चारों सदनों-अग्नि तत्व, पृथ्वी तत्व, जल तत्व और वायु तत्व के बीच अन्तरसदनीय समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य शैलियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता का सुंदर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अग्नि तत्व प्रथम, पृथ्वी तत्व द्वितीय, जल तत्व तृतीय और वायु तत्व चतुर्थ स्थान पर रहा। हेड ऑफ स्कूल ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।


