हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। छलेसर मार्ग स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर, छलेसर मार्ग पर चल रहा 11 दिवसीय श्री गणेश महोत्सव शनिवार को भव्यता और भावनाओं के साथ सम्पन्न हुआ। समापन दिवस पर श्रीमहागणपति जी का मनमोहक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। श्वेत-नील वस्त्रों में सजे,स्वर्ण आभूषणों और गुलाब पुष्पों से अलंकृत महागणपति जी ने भक्तों को अलौकिक दर्शन दिए। मंदिर परिसर में सजे श्वेत-पुष्पों और गुलाब की मालाओं से वातावरण दिव्य और भक्तिमय हो उठा।
समापन अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भव्य मंजिल आरती में शामिल होकर गणपति बाप्पा के जयकारों से गगन गुंजायमान कर दिया। आरती के पश्चात प्रसाद स्वरूप विविध फल, मेवा और मिठाइयों का वितरण किया गया,जिसमें सभी भक्तों ने आशीर्वाद रूपी प्रसाद ग्रहण किया।
संस्थापक हरीमोहन गर्ग ने बताया कि 11 दिनों तक चले इस महोत्सव में प्रतिदिन गणपति जी के भव्य श्रृंगार, पुष्प बंगले, कीर्तन-भजन और विशेष प्रसाद वितरण से भक्तों का अपार उत्साह देखने को मिला। समापन दिवस पर भक्तों ने गणपति जी से अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर का यह 11 दिवसीय महोत्सव भक्तों के लिए भक्ति,उत्साह और आध्यात्मिक आनंद का अद्भुत संगम साबित हुआ।

