हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। परंपरा और आधुनिकता का संगम उस समय देखने को मिला जब स्पाइसी शुगर संस्था ने होटल होलीडे इन में भव्य रॉयल रास रंग महोत्सव का आयोजन किया। महोत्सव ने जहाँ भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर उतारा, वहीं उत्सव की रौनक और मिलनसारिता से वातावरण को सराबोर कर दिया।
संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी को संबोधित करते हुए कहा कि “त्योहार का अर्थ केवल उत्सव मनाना ही नहीं बल्कि अपने संस्कारों को सहेजना, संस्कृति को आगे बढ़ाना और आपसी प्रेम व भाईचारे को गहरा करना है। ऐसे अवसर समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
स्वागत व संचालन चांदनी ग्रोवर और पावनी सचदेवा ने किया। पूजा थाली सज्जा प्रतियोगिता से प्रारंभ हुए इस महोत्सव में रंगोली की सृजनशीलता, मेंहदी की खूबसूरती और साड़ी ड्रेपिंग में विभिन्न प्रांतों की झलक ने सभी को मंत्रमुग्ध किया।
टंग ट्विस्टर ने खूब ठहाके बिखेरे तो अंत में पारंपरिक डांडिया रास ने पूरे आयोजन को उत्सव की उमंग से सराबोर कर दिया।
थाली सज्जा प्रतियोगिता में वीना सचदेवा और बुलबुल अग्रवाल, रंगोली में सोनी ग्रोवर और डॉली विज, मेहंदी प्रतियोगिता में आयुषी और अंजली, साड़ी ड्रेपिंग में रश्मि मित्तल और सोनाली खंडेलवाल विजयी रहीं।
मुख्य अतिथि डॉ.रंजना बंसल ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। निर्णायक की अहम भूमिका मिकी सिंह,प्रीति बत्रा और जया असवानी ने निभाई। इस अवसर पर रेनू लाम्बा, सिमरन अवतानी, रिंपी जैन, शिखा जैन, पूजा ओबरॉय, ज्योति सचदेवा,पूजा ढींगरा, कमल, शिल्पा माहेश्वरी, संगीता अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।

