आई सर्व खुशियों के पल संस्था ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए सजाई भक्तिमई सांझ
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। नवरात्रि महोत्सव के पावन पर्व पर आई सर्व खुशियों के पल संस्था द्वारा बुधवार को खंदारी बायपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी भगवती की प्रतिमा के समक्ष दीप श्रृंखला सजाकर और माँ की आराधना के साथ किया गया।
संस्था के कार्यक्रम संयोजक अनुराग जैन ने बताया कि संस्था की स्थापना जीवन संध्या में पहुंच चुके वरिष्ठ नागरिकों को नई ऊर्जा, उत्साह और जीवन में आनंद का अनुभव कराने के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में संस्था से 105 से अधिक वरिष्ठ जन जुड़े हुए हैं, जो युवाओं की तरह ही उत्साह और उमंग से परिपूर्ण होकर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
नवरात्रि उत्सव में सदस्यों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिनकी गूंज से वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बन गया। इसके बाद सभी ने मिलकर डांडिया और गरबा रास का आनंद लिया। सीनियर्स की झूमती ताल और कदमों ने यह साबित किया कि उम्र केवल संख्या है,उमंग और उत्साह कभी कम नहीं होता।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और नवरात्र का उत्सव भक्ति और उल्लास के संग मनाया। आयोजन ने समाज को यह प्रेरणादायी संदेश दिया कि यदि सही मंच और अवसर मिले तो किसी भी उम्र में जीवन के हर रंग का आनंद उत्साह पूर्वक ले सकते हैं।

