हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : 6 अक्टूबर,शारदा वर्ल्ड स्कूल के अर्ली लर्निंग सेंटर में आयोजित फ्यूचरप्रेन्योरशिप स्टॉल्स ने नन्हे शिक्षार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व गुणों का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस आयोजन में बच्चों ने “वेस्ट मटेरियल से बेस्ट दीवाली डेकोरेटिव्स” तैयार किए,जिससे न केवल उनकी सृजनात्मक सोच झलकी,बल्कि उनमें उद्यमशीलता (Entrepreneurship) की भावना भी विकसित हुई।
बच्चों ने पुराने और बेकार सामान को नया जीवन देते हुए आकर्षक वस्तुएँ बनाईं, जैसे सूखे फूलों से सजे दीये, रंगोली रंगों से बनी लक्ष्मी जी की चरण पदुकाएँ, पुराने जूते के डिब्बों से बनाए गए ड्राई फ्रूट बॉक्स तथा पुरानी चूड़ियों और बुटीक के कपड़ों से तैयार बंधनवार।
इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने सीखा कि कैसे सादे और अनुपयोगी वस्त्रों या सामग्रियों से भी सुंदर सजावट की वस्तुएँ बनाई जा सकती हैं। उन्होंने अपने माता-पिता को बड़े उत्साह के साथ पूरा निर्माण प्रक्रिया समझाई,जिससे उनकी प्रस्तुति और संप्रेषण कौशल भी विकसित हुए।
माता-पिता ने बच्चों के प्रयासों और विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में आत्मनिर्भरता और ज़िम्मेदारी की भावना जगाने के लिए अत्यंत प्रभावी हैं।
विद्यालय की निदेशक डॉ.गरिमा यादव ने बच्चों की उत्कृष्ट रचनात्मकता और नेतृत्व भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “जब नेतृत्व और कृतज्ञता हमारी संस्कृति और मूल्यों से जुड़ते हैं,तभी शिक्षा सार्थक बनती है।”
दिनभर का यह आयोजन उत्साह,सृजनात्मकता और सीख से भरा रहा। सभी स्टॉल्स पर भारी उत्साह देखा गया और लगभग सभी वस्तुएँ बिक गईं, जो बच्चों की मेहनत,आत्मविश्वास और विद्यालय की प्रेरणादायक दिशा का सजीव प्रमाण था।
इस अवसर पर श्रीमती प्रियंका गुप्ता (सह-संस्थापक,शारदा वर्ल्ड स्कूल अर्ली लर्निंग सेंटर) ने शुभकामानाएं प्रेषित कीं।

