आगरा के पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु वाराणसी, अयोध्या एवं प्रयागराज की तर्ज पर चलायी जाये वाटर मैट्रो
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : नेशनल चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल द्वारा वाराणसी,अयोध्या एवं प्रयागराज की तर्ज पर आगरा में भी वाटर मेट्रो संचालन किये जाने की मांग की गयी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय द्वारा वाराणसी,अयोध्या एवं प्रयागराज में वाटर मेट्रो परियोजना प्रारंभ करने हेतु अनुबंध किया है,उनके इस अत्यंत सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल के लिये चैम्बर आपकी भूरि-भूरि प्रशंसा करता है। इस अभिनव योजना से पर्यटन, रोजगार एवं पर्यावरण संरक्षण तीनों ही क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति होगी।
चैम्बर ने पत्र द्वारा मुख्यमंत्री महोदय को अवगत कराया है कि आगरा नगर की प्रमुख ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरें जैसे ताजमहल, मेहताब बाग, आगरा किला, एत्माद्दौला आदि सभी यमुना नदी के किनारे स्थित हैं। यदि आगरा में भी वाटर मेट्रो परियोजना लागू की जाए,तो यह देश-विदेश के पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक एवं सुविधा जनक परिवहन साधन सिद्ध होगी। इससे उत्तर प्रदेश एवं केंद्र सरकार को राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा आगरा में पर्यटन आधारित नए रोजगार अवसरों का सृजन होगा। वर्तमान में जब आगरा के अनेक उद्योग मृतप्राय अवस्था में पहुँच चुके हैं, तब यह परियोजना न केवल औद्योगिक पुनर्संरचना को प्रोत्साहन देगी,बल्कि नगर के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।
चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल द्वारा मुख्यमंत्री महोदय से अनुरोध किया गया है कि वाराणसी,अयोध्या एवं प्रयागराज की तर्ज पर आगरा को भी वाटर मेट्रो संचालन हेतु प्राथमिकता सूची में सम्मिलित किया जाए,जिससे आगरा के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिल सके।

