अ.भा.ग्राहक पंचायत ने रैली निकाल ग्राहकों को किया जागरूक



स्कूली छात्राओं ने थामी जागरूकता की कमान,हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को किया जागरूक

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा मंगलवार को  बल्केश्वर कॉलोनी में एक 'ग्राहक जागरूकता रैली' के साथ ग्राहक जागरण पखवाड़े की शुरुआत की गई। यह पखवाड़ा ग्राहकों के अधिकारों और हितों के संरक्षण के प्रति समर्पित है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को बाजार की भ्रामक गतिविधियों से बचाना और उन्हें सशक्त बनाना है।

ग्राहक जागरण पखवाड़ा' का हुआ भव्य आगाज़ :

ग्राहक जागरण पखवाड़े की शुरुआत ग्राहक जागरूकता रैली से हुई,जिसमें सैकड़ों स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर क्षेत्र के लोगों को जागरूक किया। जागरूकता रैली की शुरुआत बल्केश्वर स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज से हुई। रैली शिवपुरी, बल्केश्वर चौराहा, नंदी चौक होते हुए कमला नगर थाने पर आकर सम्पन्न हुई। जिलाध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेन्ट' ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना और उन्हें जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित करना है।

विशेषज्ञों से जानें कानूनी अधिकार :

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक सुमन गोयल ने बताया कि इस पखवाड़े के अंतर्गत दिसम्बर माह में ग्राहक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस गोष्ठी में विषय विशेषज्ञ उपभोक्ताओं को उनके कानूनी अधिकारों और धोखाधड़ी की स्थिति में शिकायत निवारण की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

24 दिसंबर को 'राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस' के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के साथ होगा। पखवाड़े के दौरान निरंतर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि शहर का हर नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सके। जागरूकता अभियान केवल बाजार तक सीमित नहीं रहेगा। इसी क्रम में आयुष्मान कार्ड कैंप का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान अशोक बाबू गुप्ता,बनवारी लाल जिंदल, हरिओम गोयल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, कुमकुम उपाध्याय, मीनाक्षी शर्मा, पूजा जैन, अमित ग्वाला आदि मौजूद रहे।