रोमांच का सुरक्षित सफर” सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ निकली ‘प्रयास ऑन व्हील्स’ कार रैली

 


सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु विशेष अभियान

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। शहर में मेट्रो निर्माण और कोहरे के कारण लगातार अव्यवस्थित होती जा रही यातायात व्यवस्था के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सफ़ायर लायंस क्लब प्रयास द्वारा आयोजित “प्रयास ऑन व्हील्स” कार रैली रविवार को उत्साह,अनुशासन और रोमांच के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। रैली का मूल संदेश था — “रोमांच का सुरक्षित सफर”।

नुनिहाई स्थित अतुल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज से आरंभ हुई कार रैली को मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव, क्लब के चार्टर अध्यक्ष संजीव मित्तल ने फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। रैली का समापन कोर्टयार्ड बाय मैरियट (एनीज़), फतेहाबाद रोड पर हुआ।

लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करना नहीं है, बल्कि यह हमारे और दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। मोबाइल पर एक संदेश इंतजार कर सकता है,लेकिन जीवन का कोई विकल्प नहीं है।

पूर्व अध्यक्ष आशु मित्तल ने कहा कि सफ़ायर लायंस प्रयास का यह अभियान समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।अध्यक्ष रीतेश मांगलिक ने कहा कि आज की यह पहल लोगों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि सड़क पर हमारी जिम्मेदारियाँ कितनी महत्वपूर्ण हैं। सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाना हर नागरिक का कर्तव्य है।

इस कार रैली का उद्देश्य आगरा शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव,निर्माण कार्यों और कोहरे जैसी परिस्थितियों में सुरक्षित, संयमित और जिम्मेदार ड्राइविंग के महत्व को रेखांकित करना रहा। रैली में प्रतिभागियों को तेज गति नहीं, बल्कि नियमों के पालन और सतर्कता के आधार पर मूल्यांकित किया गया।

रैली संयोजक तनुजा मांगलिक ने बताया कि यह रैली किसी रेस का रूप नहीं थी, बल्कि एक जागरूकता अभियान था। 52 किलोमीटर के सफर को प्रतिभागियों ने विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए मात्र 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की नियंत्रित गति से पूरा किया। 

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने अनुशासन, ट्रैफिक नियमों और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। हर कार में दो दो जोड़े थे। जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले संजीव चंद्रा, मंजूषा चंद्रा, अंशुमान बावरी एवं अंजली बावरी शामिल रहे।

द्वितीय स्थान पर मनीष बंसल,परिणिता बंसल, विकास लाल एवं निधि लाल सहभागी रहे।तृतीय स्थान पर दीपक अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल,आलोक अग्रवाल, रुपाली अग्रवाल एवं नंदिनी अग्रवाल थे।इसके अतिरिक्त रैली में रचनात्मकता और संदेशात्मक प्रस्तुति के लिए सर्वश्रेष्ठ सुसज्जित कार का पुरस्कार कार संख्या 3 को प्रदान किया गया, जिसमेंकन्हैया गोयल, मोनिका गोयल, रेणु भगत एवं अनिल शामिल रहे। रैली में 50 कार शामिल हुईं।

रैली में डॉ नरेंद्र मल्होत्रा, डॉ जयदीप मल्होत्रा, रेणुका डांग, संजय डांग, कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग, सचिव सुरभि पाटनी आदि उपस्थित रहे।