हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक व पश्चिमी उप्र क्षेत्र के संपर्क प्रमुख आनंद कुमार जी का सोमवार को सहारनपुर में निधन हो गया। आनंद जी के निधन के समाचार से संघ विचार परिवार में शोक की लहर व्याप्त हो गयी। आनंद जी सहारनपुर में संघ प्राथमिक वर्ग के प्रवास पर थे और यहीं पर दोपहर 12 बजे ह्रदयगति रूकने के कारण उनका निधन हो गया।
प्रांत सह प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने बताया कि आनंद जी का परिवार आगरा विजय नगर कॉलोनी में निवास करता है। आनंद जी की शिक्षा आगरा में ही सम्पन्न हुई थी और यहीं से वह संघ के संपर्क में आए 1982 में सीए की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 1984 में संघ के प्रचारक बने। तहसील प्रचार और बाद में मेरठ में विभाग प्रचारक बने। इसके बाद कानपुर प्रांत के प्रांत प्रचारक के नाते संघ कार्य को गति दी। कुछ समय के लिए आनंद जी सेवा भारती के क्षेत्रीय अधिकारी भी रहे और वर्तमान में पश्चिम उत्तर क्षेत्र के संपर्क प्रमुख के नाते कार्य कर रहे थे।
आनंद जी की अंतिम यात्रा 22 दिसंबर को :
मंगलवार को उनके 9,नार्थ विजय नगर कालोनी आवास से प्रात: 11 बजे ताजगंज श्मशान घाट के लिए प्रस्थान करेगी। यहीं पर उनका अंतिम संस्कार होगा।

