कीर्तन की है रात बाबा आज ठाणे आणो है...
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। “खाटू वाले श्याम धणी, थारी महिमा न्यारी…”जैसे भावपूर्ण भजन पंक्तियों के साथ जैसे ही श्याम नाम का संकीर्तन आरंभ हुआ, जैन स्मृति भवन, जयपुर हाउस मानो वृंदावन और खाटूधाम की दिव्य अनुभूति से सराबोर हो उठा। ताल–मृदंग और करताल की मधुर लय, झूमते श्रद्धालु और “जय श्री श्याम” के जयघोष के बीच श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल, लोहा मंडी द्वारा आयोजित श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव भक्ति, भाव और आनंद का अनुपम संगम बन गया।
संकीर्तन महोत्सव का शुभारंभ बाबा श्याम की जोत प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर दिव्य फूल बंगले में सजे खाटू नरेश की अलौकिक छवि श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। संपूर्ण पंडाल श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा।
संकीर्तन में त्रिलोकी शर्मा, राजा सांवरिया, मीनाक्षी शर्मा, सूर्यांश गहलोत, विकास शर्मा एवं भोला वर्मा के भक्तिरस से परिपूर्ण कंठों से भजनों की अविरल धारा प्रवाहित हुई। “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम…”, “हारे का सहारा श्याम हमारा…” जैसी पंक्तियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते और श्याम भक्ति में लीन नजर आए।
चार दिवसीय महोत्सव की श्रृंखला का समापन भव्य प्रसादी वितरण के साथ हुआ। अध्यक्ष अभी जैन ने बताया कि संकीर्तन महोत्सव का उद्देश्य श्याम भक्ति के साथ-साथ समाज में सेवा, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। महिला मंडल अध्यक्ष पूजा राधे अग्रवाल ने आयोजन में सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महामंत्री अमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता, मीडिया प्रभारी अखिल अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, महामंत्री अमित अग्रवाल, अवधेश कुलश्रेष्ठ, राजीव लवानिया, इंद्र खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, प्रदीप जैन, मोहित अग्रवाल, अनीता जैन, रीता अग्रवाल, आशी, गुंजन, पूजा अग्रवाल, निशा जैन, कामिनी, आंचल, प्रियंका, प्रीति, ज्योति अग्रवाल, लता गर्ग आदि उपस्थित रहे।


