सेंट मैरी चर्च,प्रतापपुरा में “समर्पित जीवन दिवस” श्रद्धा एवं उत्साह पूर्वक आयोजित




हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 01 फरवरी,प्रतापपुरा स्थित सेंट मैरी चर्च में आज “समर्पित जीवन दिवस” अत्यंत श्रद्धा,भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। यह विशेष दिवस उन सभी धर्मबहनों (Sisters/Nuns) एवं धर्मसमर्पित व्यक्तियों के सम्मान हेतु समर्पित है, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन ईश्वर की सेवा, प्रार्थना, शिक्षा, समाजसेवा एवं मानव कल्याण के लिए अर्पित कर दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र मिस्सा बलिदान से हुई,जिसमें पल्ली पुरोहित फादर जोसेफ डाबरे ने धर्म बहनों के समर्पित जीवन पर प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने बताया कि धर्मबहनों का जीवन त्याग,अनुशासन, प्रेम और करुणा का जीवंत उदाहरण है। 

इस अवसर पर फादर संतोष डिसा,फादर जॉन, फादर अजय तथा फादर विंसेंट की भी विशेष उपस्थिति रही।मिस्सा के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने धर्मबहनों के त्यागपूर्ण एवं सेवाभाव से परिपूर्ण जीवन के लिए ईश्वर को धन्यवाद अर्पित किया। वक्ताओं ने कहा कि धर्मबहनें न केवल चर्च की सेवा में अग्रणी रहती हैं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों के निर्माण,अस्पतालों में रोगियों की देखभाल,गरीबों एवं जरूरतमंदों की सहायता तथा समाज में शांति और भाईचारे का संदेश फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 

समर्पित जीवन दिवस का उद्देश्य यह स्मरण कराना है कि ईश्वर को समर्पित जीवन मानवता के लिए आशा का दीपक है। यह दिन धर्मसमर्पित जनों के योगदान को सम्मान पूर्वक स्वीकार करने तथा उनके निरंतर सेवा कार्यों के लिए प्रार्थना करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में चर्च समुदाय द्वारा धर्म बहनों को शुभकामनाएँ दी गईं तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। सभी उपस्थित लोगों ने उनके सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज को ऐसे त्यागमयी जीवन से प्रेरणा मिलती है। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिलवेरा ने भी धर्म बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके योगदान को अमूल्य बताया।

रिपोर्ट - असलम सलीमी