हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। महिलाओं और बच्चों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 3 मई को क्रीड़ा भारती एवं Universal Taekwondo Sports Academy के तत्वावधान में कालिंदी विहार स्थित हॉल में सात दिवसीय निशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविर में प्रतिभागियों को मार्शल आर्ट की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें नांचाकू, कराटे, लाठी और तलवार चलाने की तकनीक शामिल हैं। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन सेंसई देवजीत घोष एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक शिवम गुप्ता की देखरेख में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ शक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, ताकि महिलाएं और बच्चे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।
इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही,जिनमें श्रीमती रीना सिंह (अखिल भारतीय मातृ शक्ति प्रमुख), राजेश कुलश्रेष्ठ (क्षेत्र संयोजक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश), राजेश कुशवाह (विभाग संयोजक,आगरा), वीरेंद्र कुमार मित्तल (अध्यक्ष,क्रीड़ा भारती आगरा), चंद्र प्रकाश सिंह (जिला महामंत्री,क्रीड़ा भारती आगरा), अमर सिंह (जिला युवा प्रमुख, क्रीड़ा भारती), श्रीमती ईशा सिंह, श्रीमती ललिता सिंह (राष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी), मनी शर्मा (राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी), सोमेश गुप्ता (कार्यक्रम संयोजक) तथा रुपेश अग्रवाल (मीडिया प्रभारी, महानगर क्रीड़ा भारती) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि यह शिविर आगामी सात दिनों तक निरंतर चलेगा, जिसमें अधिक से अधिक महिलाओं और बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे।



