अधिकमास मनोरथ उत्सव के 17वें दिन श्री प्रेमानिधि मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 2 जून। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमानिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के तहत मंगलवार को 17वें दिन छठी उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को बालस्वरूप में विशेष श्रृंगार धारण कराकर वात्सल्य भाव से पूजा-अर्चना की गई।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बालस्वरूप ठाकुर जी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। उत्सव के दौरान प्रभु को विविध मिष्ठान्न एवं विशेष बालभोग अर्पित किए गए। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि छठी उत्सव पुष्टिमार्ग की महत्वपूर्ण परंपरा है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल की मधुर लीलाओं का स्मरण करते हुए उन्हें बालकृष्ण स्वरूप में सजाया जाता है। सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि उत्सव के अनुरूप ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार एवं भोग सेवा संपन्न हुई।
मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि छठी उत्सव के अवसर पर श्रद्धालु महिलाओं ने छठी मैया का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतानों के मंगल की कामना की।
इस अवसर पर सुरेश चंद गोयल, मनीष गोयल, मोहित अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, सरदार सिंह धाकड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

