हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में रथयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित रथ में विराजमान श्रीमथुराधीश जी महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान मंदिर परिसर श्रीहरि के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मनोरथ आयोजन के अंतर्गत आयोजित रथयात्रा में भगवान को पान का जोड़ा, बूंदी और हरी मूंग का विशेष भोग अर्पित किया गया। रथ को बेला और मोगरा के आकर्षक फूलों से सजाया गया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार सारथी स्वरूप में गिरिराज जी महाराज की उपस्थिति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
प्रातःकाल विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद विधि-विधान से आरती कर रथयात्रा निकाली गई। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ एवं राधा-कृष्ण के जयकारे लगाते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
मंदिर में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। संध्या आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती मंदिर के महंत नंदन श्रोत्रिय ने संपन्न कराई। इस अवसर पर ब्रज खंडेलवाल, सत्यवती देवी, पवन कुमार गुप्ता, विभा वार्ष्णेय, जुगल श्रोत्रिय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

