ध्वजारोहण के साथ नेत्रहीन मेधावी श्वेता को स्क्रीन रीडर लैपटॉप भेंट



स्वतंत्रता दिवस पर सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने जरूरतमंद शिक्षार्थी को दिया आत्मनिर्भरता का संबल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। स्वतंत्रता दिवस पर सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने ध्वजारोहण के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार का अनूठा संदेश दिया। संजय पैलेस स्थित ट्रस्ट के सेवा कार्यालय पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों एवं देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन किया गया। इस अवसर पर पूर्णतया नेत्रहीन मेधावी एवं जरूरतमंद शिक्षार्थी कुमारी श्वेता गोयल को यूपीएससी मुख्य परीक्षा की टाइपिंग परीक्षा की तैयारी के लिए स्क्रीन रीडर इंस्टॉल्ड लैपटॉप भेंट किया गया।

गुप्तनाम समाजसेवी के सहयोग से उपलब्ध कराए गए लैपटॉप से श्वेता के लिए पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में नई राह खुली है। आनंद वृंदावन, संजय पैलेस निवासी श्वेता ने यूपीएससी परीक्षा दी है और परिणाम की प्रतीक्षा है। किशोरावस्था में धीरे-धीरे उनकी आंखों की रोशनी कम होती गई। काफी उपचार के बाद भी लाभ नहीं हुआ। एम्स दिल्ली के चिकित्सकों के अनुसार उनकी आंखों की समस्या का वर्तमान में कोई उपचार उपलब्ध नहीं है।

श्वेता के पिता कपड़े का व्यवसाय करते थे, लेकिन उनके बेटे के पैरालिसिस से पीड़ित होने के बाद उपचार एवं आर्थिक बोझ के कारण व्यवसाय बंद हो गया। परिवार पर अतिरिक्त बोझ न बने और अपने पैरों पर खड़े होने के उद्देश्य से श्वेता ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। टाइपिंग परीक्षा की तैयारी के लिए स्क्रीन रीडर युक्त लैपटॉप की आवश्यकता थी, लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण वह इसे प्राप्त नहीं कर पा रही थीं। ट्रस्ट को इसकी जानकारी मिलने पर गुप्तनाम समाजसेवी के सहयोग से उन्हें लैपटॉप उपलब्ध कराया गया।

लैपटॉप पाकर श्वेता के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने सत्यमेव जयते ट्रस्ट के प्रति बार-बार आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य और सफलता का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में पीएफओ पीके उपाध्याय, वर्तमान महासचिव अनिल कुमार अग्रवाल एडवोकेट, निवर्तमान महासचिव गौतम सेठ, ट्रस्टी अंशुमान वावरी, नंदकिशोर गोयल, नितिन अग्रवाल, मुकेश सिंह, अनिल जैन ‘रंगकर्मी’, राम भाई, हरीश वासवानी सहित ट्रस्ट के कंप्यूटर शिक्षार्थी एवं सेवारत स्टाफ मौजूद रहे। इस दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।