स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से सराबोर हुआ सरस्वती शिशु मंदिर




हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। उत्तर विजयनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं, आचार्यों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। अतिथियों का घोष द्वारा स्वागत-वंदन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरविंद तिवारी ने अतिथियों का परिचय कराया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।

समारोह में अतुल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर श्रीमती आशु मित्तल, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष भविष्य अग्रवाल, सदस्य सचिन मंगल, व्यवस्थापक किशोरी श्याम गोयल, सदस्य अशोक अग्रवाल, सर्वेश वाजपेई, पूर्व व्यवस्थापक आलोक आर्य, पूर्व संभाग निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे, सदस्य शैलेश अग्रवाल, प्रचारक प्रेम किशन एवं सदस्य  नीरज खंडेलवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है और विद्यार्थियों को देशहित,अनुशासन एवं संस्कारों को जीवन में अपनाना चाहिए।

विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ हुआ।