3 से 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजन,देश-विदेश की कंपनियां लेंगी भाग
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। फुटवियर उद्योग के प्रतिष्ठित आयोजन ‘मीट एट आगरा–2026’ के 18वें संस्करण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एफमैक की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय फेयर 3, 4 और 5 अक्टूबर को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति की बैठक में फेयर की तैयारियों, देश-विदेश से होने वाली भागीदारी और फुटवियर उद्योग को व्यापक स्तर पर जोड़ने की रणनीति की समीक्षा की गई।
एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ की पहचान अब देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बनी है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय भागीदारी फेयर का प्रमुख आकर्षण रहेगी। चीन की आठ कंपनियों ने फुटवियर कंपोनेंट्स, मशीनरी और अन्य मटेरियल के साथ प्रदर्शनी में भाग लेने में रुचि दिखाई है। इसके अलावा भारत सहित अन्य देशों की कंपनियों की भागीदारी से इस बार फेयर का स्वरूप और व्यापक एवं भव्य होगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में एफमैक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने आगरा फुटवियर इंडस्ट्री के हितों को ध्यान में रखते हुए उद्योग को एक सशक्त व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मीट एट आगरा’ की शुरुआत की थी। इसके बाद डीसीएफएलआई के चेयरमैन एवं एफमैक के पूर्व अध्यक्ष पूरन डावर ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकारिणी 18वें संस्करण को और प्रभावशाली बनाने में जुटी है।
एफमैक ने इस बार घरेलू फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और डीलर्स की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार से जुड़े उद्यमियों को एक ही मंच पर नवीनतम कंपोनेंट्स, मटेरियल, मशीनरी और तकनीक से परिचित कराना तथा उनकी जरूरत के अनुरूप नए समाधान उपलब्ध कराना है। एफमैक ने सभी फैक्ट्री मालिकों से अपनी परचेज टीम के साथ फेयर में पहुंचने की अपील की है, ताकि वे उत्पादन प्रक्रिया और उत्पादों को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड कर सकें।
इस पहल को विभिन्न फुटवियर संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, एफएएफएम के अध्यक्ष संचित मुंजाल एवं चेयरमैन कुलदीप कोहली तथा सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’ ने अपने संगठनों से जुड़े सदस्यों की बड़ी संख्या में सहभागिता का भरोसा दिलाया है।
बैठक में एफमैक के उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनुरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, तथा माला खेड़ा, सुनील मनचंदा और कुलदीप गुजराल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

