गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर भक्तों ने लगाई परिक्रमा,अन्नकूट प्रसादी का लिया आनंद

प्राचीन सीताराम मंदिर वजीरपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा महोत्सव

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा एवं पंकज शास्त्री के मार्गदर्शन में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गिरिराज महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

महोत्सव के दौरान महंत अनंत उपाध्याय ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर धारण कर ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाया था। गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।

श्रद्धालुओं ने गोबर से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण के विशाल स्वरूप के दर्शन कर दुग्धाभिषेक किया तथा विधिवत आरती उतारी। इसके बाद ‘मानसी गंगा हर गंगे, गोवर्धन की परिक्रमा दो...’ के जयघोष के बीच भक्तों ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाई। मंदिर परिसर में आयोजित अन्नकूट प्रसादी का श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आनंद लिया।

इस अवसर पर अजय उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, लता, ममता, आयुष, वंदना, संजय, हनी, अशोक अग्रवाल, कृष्णा मिठास, संदीप अग्रवाल,नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, प्रशांत जैन एवं निशी नेहरू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।