श्रीबालाजी धाम आश्रम में मनाया गया श्रीहनुमंत जन्मोत्सव का मंगल उत्सव



हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। दयालबाग स्थित श्रीबालाजी धाम आश्रम में दो दिवसीय श्रीहनुमंत जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

आश्रम के संस्थापक श्री अरविंद जी महाराज ने बताया कि कलयुग में चिरंजीवी श्रीहनुमान जी को परम गुरु के रूप में पूजा जाता है। जिनके जीवन में कोई गुरु नहीं है,वे श्रीहनुमान जी को अपना गुरु मानकर आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर हो सकते हैं।

अभिषेक महाराज ने जानकारी दी कि शुक्रवार से श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ किया गया था। शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस पाठ का समापन हवन एवं पूजन के साथ किया गया।तत्पश्चात श्रीबालाजी महाराज का जन्मोत्सव मंगल गीतों और बधाइयों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।श्री बालाजी के चरणों में चांदी का छत्र और 11000 राम नाम अर्पित किए।

कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ।इस अवसर पर एएन रायजादा, किशोर अग्रवाल, अनीता, चित्रा सक्सेना, अनूप अग्रवाल, नेहा, रेखा, अलका, राजकुमार, अशोक, अवधेश,ललिता आदि उपस्थित रहे।