पूरे धार्मिक उल्लास,श्रद्धा के साथ मनाया ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा : देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शाह नगर नाई की सराय ईदगाह में भी सुबह की नमाज के साथ इस पाक दिन की शुरुआत हुई। सुबह करीब 7 बजे हजारों की संख्या में लोग ईदगाह परिसर में जमा हुए और एक साथ ईद की विशेष नमाज अदा की। नमाज में सभी ने देश की अमन ,चैन,शांति के लिए दुआ की ।नमाज के बाद सभी ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर शाह नगर नूरानी मस्जिद के इमाम मौलाना शमशाद आलम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा केवल कुर्बानी का दिन नहीं है, बल्कि यह खुदा के प्रति तस्लीम (आत्मसमर्पण) और फरमाबरदारी (आज्ञापालन) का प्रतीक है। उन्होंने अपील की कि कुर्बानी सिर्फ अधिकृत और निर्धारित स्थानों पर ही की जाए, इमाम ने यह भी कहा कि गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जानवरों की कुर्बानी से परहेज करें और पड़ोसियों की भावनाओं का सम्मान करें। सोशल मीडिया पर कुर्बानी की तस्वीरें डालने से भी बचना चाहिए क्योंकि यह इबादत को विवाद या नफरत का कारण बना सकता है।

आगरा पुलिस ने त्योहार के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं।बीती रात से ही प्रमुख इलाकों में चेकिंग अभियान जारी रहा। मस्जिदों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनता की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और त्योहार को शांतिपूर्ण बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।इसी को लेकर शाह नगर नाई की सराय ईदगाह में थाना खंदौली पुलिस मौके पर मौजूद रही ।खंदौली पुलिस की सुरक्षा में सकुशल ईद की नमाज संपन्न हुई ।

कुर्बानी का त्योहार ईद उल अजहा आज शनिवार को मनाया जा रहा है। टेडी बगिया स्थित इस्लाम नगर ईदगाह पर मुस्लिम समाज ने सुबह ईद उल अजहा की नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन चैन की दुआ मांगी। ईद उल अजहा पर्व पर इस्लाम नगर में उत्साह देखा गया। इस्लाम नगर सहित पूरे शहर में बकरीद के पर्व पर मुस्लिम समाज बड़े धूमधाम से एक दूसरे को बधाई देते नजर आ रहे हैं। इसी तरह आज मुस्लिमजनों ने शहर की अन्य मस्जिदों में पहुंच कर नमाज अदा की।नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना ट्रांस यमुना पुलिस ईदगाह के चारों तरफ मुस्तैद रही ।ट्रांस यमुना पुलिस की निगरानी में सकुशल संपन्न हुई ईद उल अजहा की नमाज।सभी लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

रिपोर्ट - असलम सलीमी