थकावट पर विजय,दुर्गम राहों पर दम : झांसी से आगरा तक 800 किमी की एडवेंचर रैली का रोमांचक समापन

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। धूलभरे रास्ते,पत्थरीले ट्रैक, संकरे मोड़,जंगलों की खामोशी और लगातार बढ़ती थकावट… तीन दिनों तक 800 किलोमीटर के कठिन सफर ने प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता ही नहीं,बल्कि मानसिक दृढ़ता की भी कड़ी परीक्षा ली। हर मोड़ पर नई चुनौती, हर चरण में नया संघर्ष लेकिन साहस और संकल्प ने थकान पर विजय पाई। इसी जज़्बे के साथ झांसी से आगरा तक तृतीय चरण सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।

मोटर स्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा, जिला प्रशासन,नगर निगम एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय एडवेंचर रैली के तृतीय चरण में रविवार को झांसी से आगरा तक रोमांच अपने चरम पर रहा। प्रतिभागी प्रातः 7 बजे क्राफ्ट स्टेज,झांसी से उत्साह और ऊर्जा के साथ रवाना हुए।

निर्धारित मार्ग के अनुसार रैली जैन चौराहा, गणेशपुरा, सुखवान, सुकमा-दुखम हेड वर्क्स, घिसौली, बिजौली इंडस्ट्रियल एरिया, डोंगरी गांव, बारूपारा और बाजnaa तक पहुंची। इस चरण में प्रतिभागियों को संकरे ग्रामीण मार्गों, उबड़-खाबड़ रास्तों और प्राकृतिक अवरोधों का सामना करना पड़ा। बजाना के बाद सभी टीमों ने आगरा के लिए दुर्गम और चुनौतीपूर्ण रास्तों का सफर तय किया, जहां रणनीति, नेविगेशन कौशल और समय प्रबंधन निर्णायक साबित हुए।

तीन दिनों में लगभग 800 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कार और बाइक सवार 77 प्रतिभागियों ने अनुशासन, टीमवर्क और सुरक्षित ड्राइविंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन के दौरान साहसिक खेलों के प्रति उम्र की सीमाएं लांघते हुए हर प्रतिभागी में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस एडवेंचर रैली का प्रमुख उद्देश्य आगरा सहित बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देना रहा। आयोजन के माध्यम से ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा एडवेंचर टूरिज्म को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। ग्रामीण और वन क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले मार्गों ने क्षेत्रीय विविधता और पर्यटन संभावनाओं को उजागर किया।

आगरा आगमन पर फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चेयरमैन राम मोहन कपूर ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल,अध्यक्ष (खेल) अमित मित्तल,अर्पित अग्रवाल, सचिव करण अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रसाद सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के साहस और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल मोटरस्पोर्ट्स को बढ़ावा देते हैं, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।

ये रहे विनर :

बाइक ,महिला वर्ग 

उर्मिला रैयानी अहमदाबाद 

आगरा से

दिव्यांशु वर्मा

सलमान

अभिषेक 

नोवाइस 

कपिल देव सोनी

प्रोफेशनल : शिवम 

कार :

महिला : जसमीत बत्रा, गुरुग्राम और ज्योति अयंगर,मुंबई 

कपल : पूर्णा तमांग और अन्नपूर्णा ऐली,सिक्किम

आगरा से 

विकास महाजन और आशीष अग्रवाल 

नोवॉइस 

विष्णु अलूरी, गुरुग्राम और वसावी 

प्रोफेशनल : राजीतेश माझी,नोएडा और चंद्राशीश रॉय,कोलकाता