हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : ग्लोबल एजुकेटर कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम-कैम्ब्रिज पाथवेज़ वर्कशॉप के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत भूटान से आए शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शारदा वर्ल्ड स्कूल,आगरा का दौरा किया। यह सभी शिक्षक अनुभवी कैम्ब्रिज शिक्षण प्रणाली से जुड़े थे और भारत में आधुनिक शिक्षण एवं अधिगम पद्धतियों का अवलोकन एवं श्रेष्ठ शिक्षण प्रथाओं के आदान-प्रदान के उद्देश्य से शैक्षणिक भ्रमण पर थे।
इस अवसर पर स्कूल की निदेशक एवं सलाहकार डॉ.गरिमा यादव तथा हेड ऑफ स्कूल श्री सत्यकी बनर्जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया और विद्यालय की दृष्टि,मिशन एवं शिक्षण दर्शन पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान “कैम्ब्रिज कक्षा कैसी दिखती है” विषय पर सुश्री सिमरा सईद द्वारा एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धति, कक्षा शिक्षण शास्त्र तथा कैम्ब्रिज फ्रेमवर्क के अनुरूप अपनाई जाने वाली शिक्षण रणनीतियों पर प्रकाश डाला गया। प्रतिनिधिमंडल के शिक्षकों ने सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया और छात्र सशक्तिकरण, जिज्ञासा आधारित अधिगम तथा आत्ममूल्यांकन आधारित शिक्षण रणनीतियों की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय परिसर का भ्रमण भी किया और विद्यालय के सकारात्मक शिक्षण वातावरण,शैक्षिक दर्शन एवं नवाचारी शिक्षण पद्धतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कैम्ब्रिज सिद्धांतों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समग्र शिक्षा के प्रति शारदा वर्ल्ड स्कूल की प्रतिबद्धता की सराहना की।-इस अवसर पर श्री प्रशांत गुप्ता (सीईओ शारदा ग्रुप) ने शुभकामानाएं प्रेषित की।


