लोहिया जयंती पर सेवा का संकल्प, 23 मार्च को लगेगा निशुल्क मेडिकल कैंप

अग्रवाल युवा संगठन का प्रयास, 20 विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे अपनी सेवाएं,होंगी निशुल्क जांच और मोतियाबिंद का ऑपरेशन भी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। अग्रवाल युवा संगठन द्वारा डॉ. राम मनोहर लोहिया की 116वीं जयंती के उपलक्ष्य में 23 मार्च को विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को लोहा मंडी स्थित पुष्पांजलि सभागार, महाराजा अग्रसेन भवन में आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा। कैंप में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क परामर्श दिया जाएगा।

संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग ने कहा कि यह आयोजन समाज सेवा की भावना से किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। महामंत्री अंकित अग्रवाल ने जानकारी दी कि शिविर में नेत्र, दंत, फिजिशियन, हड्डी, बाल रोग, पेट रोग, चर्म रोग, नाक-कान-गला, फेफड़े एवं हृदय रोग के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि मेदांता हॉस्पिटल , गुरुग्राम के डॉ एसके तनेजा एवं डॉ मयंक गर्ग भी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा शिविर में मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था, दवा वितरण, शुगर जांच, ईसीजी, ब्लड प्रेशर आदि जांचें भी निशुल्क की जाएंगी। शिविर के रजिस्ट्रेशन सुबह सात बजे से आरम्भ हो जाएँगे। क्यूआर कोड से भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर कार्यक्रम संयोजक उमेश अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, शशांक बंसल, शिवम गर्ग, संदीप अग्रवाल एवं अमन अग्रवाल, सौरभ जैन, मयंक अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल, रोहित मित्तल, आशीष, कुणाल अग्रवाल, विशाल गोयल, मोहित अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।