अक्रूर वाटिका में होली मिलन समारोह,गुलाल और गीतों संग स्नेह का उत्सव
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। फाल्गुन मास की मादक बयार और रंगों की उल्लासपूर्ण छटा के बीच श्री वार्ष्णेय सभा द्वारा सौंठ की मंडी स्थित अक्रूर वाटिका में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्यजनों एवं सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह का शुभारंभ इंजी. विनय कुमार वार्ष्णेय, अध्यक्ष दाऊ दयाल गुप्ता, केएन गुप्ता, इंजी. नेमीचंद गुप्ता, डॉ. अशोक वार्ष्णेय, विनोद गुप्ता एवं डीसी वार्ष्णेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही वातावरण में मंगलकामनाओं और सामाजिक एकता का संदेश गूंज उठा। अंतर्राष्ट्रीय हास्य कवि लटूरी सिंह लट्ठ ने फागुनी हास्य की फुहार छोड़ी।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फाल्गुन के पारंपरिक गीतों और मधुर संगीत की धुन पर सभी ने नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। रंगों की बौछार, हंसी-ठिठोली और आपसी स्नेह ने पूरे परिसर को उल्लासमय बना दिया। ठंडाई और पारंपरिक व्यंजनों के साथ होली के इस पर्व का स्वाद और भी मधुर हो गया।
अध्यक्ष दाऊदयाल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का संचालन केएम गुप्ता ने किया।

