पीत वस्त्रों में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर बढ़ाया आयोजन का वैभव, गणेश जी की सवारी रही आकर्षण का केंद्र
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। कावेरी मंदिर कमेटी द्वारा श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष में आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को कावेरी कुंज, कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर भाग लिया। भक्तिमय भजनों, बैंड-बाजों और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ यात्रा आगे बढ़ती रही। यात्रा की अगुवाई भगवान गणेश जी की आकर्षक झांकी ने की, जिसे देखने के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इसके साथ ही राम दरबार, बालाजी महाराज, राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सुंदर एवं मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। पूरे मार्ग पर श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत करते नजर आए।
मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि श्री राम कथा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। भगवान श्रीराम का चरित्र त्याग, मर्यादा, सत्य और कर्तव्य का अनुपम उदाहरण है, जिसे अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
अन्य पदाधिकारी कन्हैयालाल अग्रवाल और देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष में आयोजित श्री राम कथा 26 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे होगी। कथा व्यास अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया जी हैं। आयोजन के अंतर्गत 2 अप्रैल को हवन, भंडारा, छप्पन भोग, अलौकिक श्रृंगार एवं भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर कन्हैया भटीजा, अतुल बंसल, गिरीश कुमार गुप्ता, राम प्रकाश अग्रवाल, राकेश गर्ग, रोहित केसवानी, अनुराग अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, पार्षद हरिओम, आरके श्रोत्रिय, शिवाली अग्रवाल, निधि अग्रवाल, गीता अग्रवाल, रागिनी मित्तल, सुनीता अग्रवाल, निशा अग्रवाल, अंजू सिंह, रेखा, सीमा अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, रिंकल केसवानी, मीना देवी, आदि उपस्थित रहीं।

