राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने गोल्फ कार्ट में बैठ लगाई गिरिराज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा,मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद पर किया रबड़ी अभिषेक



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

मथुरा। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू शनिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गोवर्धन पहुंची। शनिवार को उनके दौरे का तीसरा दिन था। वृंदावन से राष्ट्रपति का काफिला गोवर्धन दानघाटी मंदिर पहुंचा। यहां राष्ट्रपति व राज्यपाल ने दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी का दुग्धाभिषेक कर पूजा अर्चना की। 

मंदिर के पुजारियों ने विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। राष्ट्रपति भक्ति के रंग में रंग गई। हाथ उठाकर जयकारे लगाए। राष्ट्रपति ने अपने परिजनों के साथ दानघाटी मंदिर से पैदल परिक्रमा की इसके बाद राष्ट्रपति ने गोल्फ कार्ड में बैठकर राज्यपाल के साथ गिरिराज महाराज की सप्तकोशीय परिक्रमा की। मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद मंदिर पर पर पहुंचने पर महामहिम का दिव्य स्वागत किया गया। 

राष्ट्रपति ने मानसी गंगा की पूजा अर्चना की इसके बाद श्रीजी पीठाचार्य मनीष बाबा महराज मंदिर रिसीवर कपिल चतुर्वेदी व सेवायतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वैदिक रीति रिवाज से रबड़ी केसर से गिरिराज जी का अभिषेक कराया। मंदिर के जुड़े लोगों ने राष्ट्रपति का स्वागत कर प्रसादी भेंट की। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मुकुट मुखारविंद मानसी गंगा को भव्य तरीके से सजाया गया। बस स्टैंड स्थित श्यामा आश्रम के आसपास खड़े हुए लोगों को देखकर जाते समय उन्होंने ने हाथ उठाकर और मुस्कुरा कर जनता का अभिवादन किया। जमुनावता स्थित बनाए गए हेलीपैड से सेना के विमान में सवार होकर राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना हो गई। 

उसके बाद राज्यपाल भी अपने विमान से आगे की ओर रवाना हो गई। हैलीपैड पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह,मंत्री लक्ष्मी नारायण,सांसद हेमा मालिनी,विधायक मेघश्याम सिंह,विधायक पूरन प्रकाश, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, डीएम सीपी सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने ई दी।

रिपोर्ट : उत्तम शर्मा