श्री जगन्नाथ मंदिर में ग्यारह कुंतल फूलों से श्री राधा कृष्ण का हुआ अभिषेक,श्रद्धालुओं द्वारा तैयार किए 25 किलो हर्बल रंगों से आज श्रीहरि राधा संग खेलेंगे होली
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्रद्धा के सुरों से गुंजायमान श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज होली के भक्तिमय रंग भी बिखरे थे। गुलाब, गेंदा, जाफरी और चमेली जैसे ग्यारह कुंतल फूलों से जब राधा-कृष्ण का अभिषेक हुआ तो हर तरफ शंखनाद के साथ राधा-कृष्ण के जयकारे गूंजने लगे। गोपी ड्रेस और धोती कुर्ता जैसे पारम्परिक परिधानों में सजकर आए श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण संग फूलों की होली का आनन्द लिया। कीर्तन पर श्रहरि की भक्ति में झूमते गाते श्रद्धालु भक्ति के अलौकिक रंग में रंगे नजर आए।
इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु द्वारा संध्या आरती के उपरान्त ग्यारह कुंतल फूलों से राधा-कृष्ण के अभिषेक के साक्षी आज भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बाई बलराम भी बने। फाग उत्सव के मौके पर मंदिर परिसर में हर तरफ भक्ति के रंग बिखरे थी। मंदिर में फूल बंगला सजा था। हर तरफ उत्सव का माहौल था।
इससे पूर्व दिल्ली से आए भजन गायक हरिनाम प्रभु ने ऐ री सखी मंगल गाओ री..., छीन लियो मेरा भोला सा मन, सखी री मेरो राधा रमण..., जैसे भजनों के राग छेड़े तो हर श्रद्धालु भगवान की भक्ति में झूमने नाचने लगा। होली के पावन पर्व के मौके पर आज भगवान को ठंडाई, मठरी, गुंजिया जैसे व्यंजनों का भोग लगाया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, नवीन सिंघल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, संजीव मित्तल, संजीव बंसल, राजेश उपाध्याय, संजय कुकरैजा,अदिति गौरांगी आदि उपस्थित थे।


